विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर मंडी में हाथ से निकले धान की बोली 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंची, अब तक का सबसे ऊंचा भाव

Published: Mon, 19 Oct 2026 03:58 PM (IST)

झज्जर अनाज मंडी में हाथ से निकाले गए धान की बोली 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई, जो अब ...और पढ़ें

धान की कीमत में उछाल (फाइल फोटो)

धान की कीमत में उछाल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. झज्जर मंडी में धान की बोली 4500 रुपये प्रति क्विंटल

  2. हाथ से निकाले गए धान को मिला अब तक का सर्वश्रेष्ठ भाव

  3. मातनहेल मंडी में 1.37 लाख क्विंटल से अधिक बाजरे की आवक

जागरण संवाददाता, झज्जर। अनाज मंडियों में इस समय फसलों की बंपर आवक के साथ-साथ कारोबार भी अपने चरम पर पहुंच रहा है। झज्जर की अनाज मंडी में सोमवार को धान की बोली में जबरदस्त तेजी देखने को मिली, जहां हाथ से निकाले गए धान की कीमत 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई।

मार्केट कमेटी के अधिकारियों के अनुसार, चालू सीजन में हाथ से निकाले गए धान के लिए आढ़तियों द्वारा लगाई गई यह अब तक की सबसे ऊंची बोली है। वहीं, मशीन से निकाली गई 1509 किस्म के धान का भाव 4100 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। बेहतर दाम मिलने से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं।

हाथ से निकले धान को मिला अब तक का सर्वश्रेष्ठ भाव

झज्जर अनाज मंडी में बासमती धान की आवक लगातार जारी है, और अब तक कुल 24,962 क्विंटल धान मंडी में पहुंच चुका है।

इसमें से निजी आढ़तियों द्वारा 22,542 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि 19,485 क्विंटल धान का सुरक्षित उठान भी करवाया जा चुका है। सोमवार को हुई बोली के दौरान बेहतरीन गुणवत्ता वाले हाथ से निकले धान की अधिकतम कीमत 4500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने से किसानों में काफी उत्साह है।

मार्केट कमेटी के सचिव कुलदीप जाखड़ ने बताया कि सोमवार को हाथ से निकाले गए धान की बोली पिछले दिनों के मुकाबले काफी ऊपर रही।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मंडी में फसल बेचने के दौरान यदि किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़े, तो वे तुरंत मार्केट कमेटी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, ताकि उनकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा सके।

मातनहेल मंडी में बाजरे की आवक 1.37 लाख क्विंटल के पार : दूसरी ओर, मातनहेल अनाज मंडी में भी बाजरे की आवक का दौर तेजी से जारी है। अब तक यहां पर 1,37,414 क्विंटल बाजरा पहुंच चुका है।

इसमें से 99,207 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है, जबकि 77,280 क्विंटल बाजरे का उठान कराया जा चुका है। आगामी दिनों में मौसम में बदलाव और बारिश की आशंका को देखते हुए आढ़ती और प्रशासन खुले में पड़े अनाज के त्वरित उठान पर विशेष जोर दे रहे हैं।

झज्जर मंडी में 78 हजार क्विंटल से अधिक बाजरा बिका 

झज्जर की मुख्य अनाज मंडी में अब तक कुल 1,16,617 क्विंटल बाजरा आ चुका है। निजी आढ़तियों द्वारा यहाँ 78,255 क्विंटल बाजरे की खरीद की गई है, जिसमें से 40,500 क्विंटल का उठान हो चुका है।

मंडी प्रबंधन आवक, खरीद और उठान के बीच बेहतर तालमेल बिठाने में जुटा है, ताकि अन्नदाताओं को अपनी फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।

इधर, मातनहेल मंडी में अब बाजरे के साथ-साथ पीआर धान की आवक भी शुरू हो गई है। सोमवार तक करीब 150 किसान 5,801 क्विंटल पीआर धान लेकर मंडी पहुंचे।