विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवाचौथ पर झज्जर के बाजार गुलजार, रेडीमेड सूट्स की बंपर बिक्री; पत्नियों संग मैचिंग के लिए पतियों में भी क्रेज

Published: Tue, 27 Oct 2026 02:56 PM (IST)

करवाचौथ के नजदीक आते ही झज्जर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर है, जहां पैंट वाली सलवार और ...और पढ़ें

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है

HighLights

  1. झज्जर में करवा चौथ की खरीदारी का उत्साह चरम पर

  2. पैंट वाली सलवार और डिजाइनर सूट्स की भारी मांग

  3. टेलर डेढ़ महीने पहले से पूरी तरह से बुक

जागरण संवाददाता, झज्जर। अखंड सौभाग्य के पर्व करवा चौथ के नजदीक आते ही झज्जर जिले के शहरी और ग्रामीण बाजारों में खरीदारी का उत्साह अपने चरम पर है।

झज्जर, बादली, माछरौली, दादरी तोए और बेरी के मुख्य बाजारों में सुबह से लेकर देर शाम तक महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस बार कपड़ा मार्केट में पारंपरिक परिधानों के साथ-साथ माडर्न डिजाइन्स और ब्रांडेड कलेक्शंस का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।

डिजाइनर और ट्रेंडी सूट्स का सिर चढ़कर बोल रहा क्रेज

इस फेस्टिव सीजन में महिलाओं के बीच खास तौर पर पैंट वाली सलवार, पेप्लम कट, शरारा-गरारा और अनारकली सूट की सबसे ज्यादा डिमांड है। हर महिला इस पावन अवसर पर सबसे अलग और आकर्षक दिखने के लिए लेटेस्ट डिजाइन तलाश रही है।

ब्रांडेड रेडिमेड कलेक्शंस

टेलरिंग के लंबे इंतजार से बचने के लिए महिलाओं का रुझान रेडिमेड सूटों की ओर तेजी से बढ़ा है। बाजार में कृपाली, गंगा, कृष और नैना ब्रांड के सूट महिलाओं की पहली पसंद बने हुए हैं।

मूल्य और वैरायटी

कपड़ा व्यापारी सुनील गोयल तथा कारोबारियों (कुश, सैफ व कैफ) के अनुसार, बाजार में 500 से 1000 रुपये तक की रेंज में रोजमर्रा और आफिस वियर के लिए आरामदायक सूती सूट उपलब्ध हैं। वहीं, 1500 से 2500 रुपये तक की रेंज में शानदार हैंडवर्क, बेहतरीन एम्ब्रायडरी और पार्टीवियर कलेक्शन की भारी मांग है, जो हाथों-हाथ बिक रहे हैं।

डेढ़ महीने पहले से बुक हैं टेलर

जो महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार कपड़े खरीदकर कस्टमाइज्ड डिजाइन सिलवा रही हैं, उनके लिए लेडीज और जेंट्स टेलर करीब डेढ़ महीने पहले से ही पूरी तरह बुक हैं।

बादली के लेडीज टेलर रमेश कुमार और झज्जर की टेलर निशा, ज्योति व बबीता ने बताया कि करवा चौथ और आगामी शादी के सीजन के चलते आर्डरों का भारी अंबार है। रात-दिन काम करने के बावजूद समय पर ऑर्डर पूरे करना मुश्किल हो रहा है।

बाजार में साधारण सलवार सूट की सिलाई 300 से 500 रुपये है, जबकि डिजाइनर सूट, पैंट वाली सलवार और अस्तर वाले सूट की सिलाई 800 से 1800 रुपये तक ली जा रही है (जिसमें अस्तर, लेस, पाइपिंग और लटकन का चार्ज अलग से है)।

केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि जेंट्स टेलर के यहां भी कुर्ता-पजामा और कोट-पेंट के ऑर्डर बुक हो रहे हैं, क्योंकि अब पति भी करवा चौथ पर अपनी जीवनसंगिनी के साथ मैचिंग करके सज-धज कर तैयार होना पसंद कर रहे हैं।

बाजार में बूम और कारोबारियों की उम्मीदें

कपड़े के साथ-साथ ज्वेलरी, कास्मेटिक्स, मेहंदी और गिफ्ट्स की दुकानों पर भी पैर रखने की जगह नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार पहुंची सुनीता, ममता और पूजा का कहना है कि इस बार बजट के भीतर बेहतरीन वैरायटी मिल रही है।

कपड़ा व्यापारियों को पूरी उम्मीद है कि इस बार के करवा चौथ सीजन में पिछले वर्ष की तुलना में 40 प्रतिशत तक अधिक बिक्री दर्ज होगी, जिससे त्योहारी बाजार पूरी तरह गुलजार है।