विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर के जेल अधीक्षक सेवा सिंह को मिलेगा राष्ट्रपति पदक, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिली राष्ट्रीय पहचान

Published: Mon, 26 Jan 2026 10:39 PM (IST)

झज्जर जेल अधीक्षक सेवा सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक मिला है। गणतंत्र दिवस पर घोषित यह सम्मान ...और पढ़ें

झज्जर के जेल अधीक्षक सेवा सिंह को मिलेगा राष्ट्रपति पदक। फाइल फोटो

झज्जर के जेल अधीक्षक सेवा सिंह को मिलेगा राष्ट्रपति पदक। फाइल फोटो

HighLights

  1. झज्जर जेल अधीक्षक सेवा सिंह को राष्ट्रपति पदक मिला।

  2. उत्कृष्ट सेवाओं और प्रशासनिक दक्षता के लिए सम्मानित किया गया।

  3. यमुनानगर की पूनम को भी गैलेंटरी अवार्ड मिला।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के जेल विभाग के लिए गर्व का क्षण है। झज्जर जिले के जेल सुपरिटेंडेंट सेवा सिंह को उनकी उल्लेखनीय और समर्पित सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित इस सम्मान ने न केवल सेवा सिंह की वर्षों की मेहनत को मान्यता दी है, बल्कि पूरे जेल विभाग का मनोबल भी बढ़ाया है।

सेवा सिंह ने वर्ष 2003 में असिस्टेंट जेल सुपरिटेंडेंट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने कैथल, जींद, हिसार-।, रोहतक, भिवानी और रेवाड़ी सहित प्रदेश की कई महत्वपूर्ण जेलों में अपनी सेवाएं दीं।

वर्तमान में वे झज्जर जिला जेल में सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता को जेल सुधार और प्रबंधन के क्षेत्र में विशेष रूप से सराहा जाता है। कई वर्षों के अंतराल के बाद किसी जेल अधिकारी को राष्ट्रपति पदक मिलने से विभाग में उत्साह का माहौल है।

इससे पहले जयकिशन छिल्लर, शेर सिंह, अमित भादू और लखबीर सिंह बराड़ को यह सम्मान मिल चुका है। जयकिशन छिल्लर और शेर सिंह सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि अमित भादू वर्तमान में हिसार-। और लखबीर सिंह बराड़ करनाल जेल में सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं।

इसी क्रम में यमुनानगर जिला जेल में कार्यरत सब-असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट पूनम को भी गैलेंटरी अवार्ड से सम्मानित किया गया है, जो जेल विभाग में महिला अधिकारियों की सशक्त भूमिका को दर्शाता है। हरियाणा जेल विभाग के महानिदेशक आलोक मित्तल ने राष्ट्रपति पदक और गैलेंटरी अवार्ड प्राप्त करने वाले अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।