विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: सड़क बनने के बाद इंटरलाक टाइल लगाने का काम धीमा, झज्जर के बैंक रोड पर दुकानदार परेशान

Published: Fri, 18 Sep 2026 12:52 PM (IST)

झज्जर में छिकारा चौक से धौड़ चौक तक सीसी सड़क बनने के बाद इंटरलॉक टाइल लगाने का काम धीमी गति से चल रहा है।

सड़क बनने के बाद इंटरलाक टाइल लगाने का काम धीमा (फाइल फोटो)

सड़क बनने के बाद इंटरलाक टाइल लगाने का काम धीमा (फाइल फोटो)


HighLights

  1. झज्जर में सीसी सड़क के बाद इंटरलॉक टाइल का काम धीमा।

  2. टूटे नालों और अस्थायी रास्तों से आवाजाही में भारी परेशानी।

  3. दुकानदार और ग्राहक हादसों का शिकार, 15 दिन में काम पूरा।

जागरण संवाददाता, झज्जर। शहर के छिकारा चौक से लेकर धौड़ चौक तक करीब 1300 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब दोनों तरफ इंटरलाक टाइल लगाने का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। पीडब्ल्यूडी विभाग की इस कार्यशैली के कारण पिछले लगभग चार माह से स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बता दे कि यादव धर्मशाला से छिकारा चौक तक सड़क का काम पूरा हो चुका है,। लेकिन छिकारा चौक से धौड़ चौक के बीच टाइल बिछाने की गति सुस्त बनी हुई है। स्थानीय दुकानदार अमित, परीक्षित, रोहित, महेंद्र, दयानंद और देवेंद्र ने बताया कि निर्माण के दौरान दुकानों के आगे बने नाले तोड़ दिए गए थे।

अब दुकानों में प्रवेश के लिए उन्होंने अपने स्तर पर लकड़ी के फट्टे और अस्थायी रास्ते बनाए हैं। इन अस्थायी रास्तों से गुजरते समय कई ग्राहक व दुकानदार असंतुलित होकर नालों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

प्रमुख बैंक रोड होने से दिनभर रहता है दबाव

छिकारा चौक से धौड़ चौक का मार्ग शहर का प्रमुख बैंक रोड माना जाता है। इस मार्ग पर कई मुख्य बैंक स्थित होने के कारण दिनभर वाहनों और आम जनता की भारी आवाजाही बनी रहती है। अधूरा काम और बिखरी सामग्री के चलते यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को परेशानी उठानी पड़ रही है।

जबकि, मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग के कनिष्ठ अभियंता अरुण ने बताया कि सड़क और टाइल लगाने का काम तेजी से करवाया जा रहा है। आगामी 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न करा लिया जाएगा, ताकि दुकानदारों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।