इनेलो हो चुकी खत्म, कांग्रेस में धड़े ज्यादा और जजपा का पूरी तरह से नहीं हुआ जन्म:अरविद
इनेलो हो चुकी खत्म कांग्रेस में धड़े ज्यादा और जजपा का पूरी तरह से नहीं हुआ जन्मअरविद
जागरण संवाददाता, झज्जर: भाजपा के सांसद डा. अरविद शर्मा ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसके चलते आज भाजपा का कार्यकर्ता अपने आप को गौरवान्वित महसूस करता है। हर रोज भाजपा का कुनबा बढ़ रहा है। हालात यह हो गए हैं कि भाजपा अब जीत का रिकार्ड बनाने की ओर अग्रसर है। यह बात सांसद अरविद शर्मा ने बेरी के गांव दूबलधन में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करने के दौरान कही। उन्होंने कांग्रेस व इनेलो पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में विपक्ष तो रहा ही नहीं, इनेलो तो पहले ही खत्म हो चुकी है और कांग्रेस में इतने धडे़ हैं कि पता ही नहीं चलता की कौन सी कांग्रेस है। जजपा का तो अभी पूरी तरह से जन्म ही नहीं हुआ है। सांसद ने कहा कि भाजपा इस बार विधानसभा में अब तक की सबसे अधिक सीट जीत कर रिकार्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि मनोहर सरकार की नीतियों के चलते आज पूरा प्रदेश खुशहाल है और विकास के मामले में भी प्रदेश काफी आगे बढ़ा है। कांग्रेस के दस साल के शासनकाल के दौरान कभी चौधर का नारा दिया जाता था तो कभी नंबर वन का, जबकि जनता को केवल बरगलाया गया था। दस साल के शासनकाल के दौरान प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हुआ और हर रोज नए घोटाले उजागर हो रहे थे। केंद्र की कांग्रेस सरकार तो घोटालों की सरकार बन गई थी और आज कांग्रेसी नेता इसका परिणाम भी भुगत भी रहे हैं।उन्होंने पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा को लेकर कहा कि दीपेंद्र हुड्डा अब विकास की बाते कैसे कर रहे हैं, जब वे सांसद थे तब उन्होंने विकास कार्य क्यों नहीं करवाएं। उन्हें विकास करने से किसने रोका था।