विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर में सड़क पर खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, दो बच्चों के पिता की मौत

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:36 PM (IST)

झज्जर के बेरी में नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार 28 वर्षीय राहुल की मौत हो गई। ...और पढ़ें

खड़ी पिकअप से टकराई बाइक। सांकेतिक फोटो

खड़ी पिकअप से टकराई बाइक। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. बेरी में नेशनल हाईवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा।

  2. बाइक सवार राहुल की मौके पर ही हुई मौत।

  3. बिना संकेत खड़ी पिकअप से टकराई थी बाइक।

संवाद सूत्र, बेरी (झज्जर)। नेशनल हाईवे रोहतक रोड पर चमनपुरा गांव के पास शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हादसा सड़क के बीच बिना किसी संकेत या रिफ्लेक्टर के खड़ी एक पिकअप गाड़ी के कारण हुआ, जिससे तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान गांव शेरिया निवासी 28 वर्षीय राहुल पुत्र औम प्रकाश के रूप में हुई है। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गया है।

बेरी चौक दुजाना से घर लौट रहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल शुक्रवार की रात के समय बेरी चौक दुजाना से अपनी बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाईवे रोहतक रोड पर चमनपुरा गांव के पास पहुंचा, तो अंधेरे में सड़क पर बिना किसी चेतावनी के खड़ी पिकअप से उसकी बाइक जा टकराई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस अचानक हुए हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही दुजाना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और स्थिति का जायजा लेते हुए शव को रात के समय ही सामान्य अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया था। शनिवार को चिकित्सीय टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दुजाना थाना प्रभारी दिनकर ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर लापरवाही से वाहन खड़ा करने वाले पिकअप चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है।