सरकार ने जल्द मांगे पूरी नहीं की तो आंदोलन होगा तेज
जागरण संवाददाता, झज्जर : वेतन विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर नर्सिग स्ट
जागरण संवाददाता, झज्जर :
वेतन विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर नर्सिग स्टाफ कर्मचारियों ने नर्सिग एसोसिएशन के बैनर तले नागरिक अस्पताल परिसर में दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल कर सरकार के प्रति अपना रोष प्रकट किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों का कहना था कि सरकार की नीतियां कर्मचारी विरोधी है, अगर सरकार जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जिसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी।
एसोसिएशन की जिला प्रधान अंजू ने बताया कि बुधवार को नर्सिग स्टाफ कर्मियों ने सुबह 8 बजे से 10 बजे तक सांकेतिक हड़ताल कर अपना रोष प्रकट किया है। बृहस्पतिवार को भी दो घंटे तक सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। उन्होंने बताया कि दो दिनों तक दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल करना सरकार को मात्र चेतावनी देना है। अगर सरकार फिर भी उनकी मांगे पूरा नहीं करती है तो आगामी दस सितंबर को सभी नर्सिग स्टाफ कर्मी मास केजुवल लीव पर चले जाएंगे अगर फिर भी सरकार नहीं जागी तो आगामी 15 सितंबर से पूर्णतया हड़ताल की जाएगी। जिसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी।
इस दौरान एसोसिएशन की महासचिव सुदेश राठी, प्रेस सचिव मंजू कुमारी सहित अन्य भी मौजूद रही। हड़ताल के दौरान आपातकालीन विभाग ,लेबर रूम और एसएनसीयू में दी सेवाएं
जिला प्रधान अंजू ने बताया कि दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल के दौरान भी नर्सिग स्टाफ कर्मियों ने आपातकालीन विभाग, एसएनसीयू वार्ड व लेबर रूम में अपनी सेवाएं दी है ताकि यहां मरीजों को परेशानी नहीं हो। नर्सिग स्टाफ पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य कर रहा है। हड़ताल के दौरान भी मरीजों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रयास कर रहा है। फिर भी सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। जिसके चलते कर्मचारियों का सरकार के प्रति रोष है।
ये हैं प्रमुख मांगें :
- केंद्र के सामान वेतन व अन्य भत्ते देना।
- केंद्र की तर्ज पर पदनाम बदला जाए।
- पदोन्नित पॉलिसी बनाई जाए।
- दो वर्ष के सेवाकाल के बाद नर्सिग स्टॉफ को कंफर्म किया जाए।
- स्टाफ नर्स को डिलीवरी करवाने संबंधित प्रोटोकॉल दिया जाए।
- मेवात में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ को सरकारी पॉलिसी के तहत मेवात भत्ता दिया जाए।
- नर्सिग कैडर का अलग से डायरेक्टरेट बनाया जाए।