विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में इंतकाल की प्रक्रिया होगी आसान, नया सॉफ्टवेयर तैयार, अधिकतम 11 दिन में ऑटोमेटिक दर्ज होगी फाइल

Published: Thu, 27 Aug 2026 04:03 PM (IST)

हरियाणा में भूमि इंतकाल की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है।

हरियाणा में इंतकाल की प्रक्रिया होगी आसान (फाइल फोटो)

हरियाणा में इंतकाल की प्रक्रिया होगी आसान (फाइल फोटो)


HighLights

  1. नया सॉफ्टवेयर भूमि इंतकाल प्रक्रिया को बनाएगा आसान और तेज।

  2. इंतकाल की पूरी प्रक्रिया अधिकतम 11 दिनों में होगी पूरी।

  3. आपत्ति न होने पर इंतकाल स्वतः दर्ज हो जाएगा।

जागरण संवाददाता, झज्जर। प्रदेश में भूमि का इंतकाल दर्ज कराने के लिए अब लोगों को राजस्व कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राजस्व विभाग जमीन के इंतकाल की प्रक्रिया को आसान और समयबद्ध बनाने के लिए नया सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है। वीरवार शाम तक इस साफ्टवेयर के शुरू होने की संभावना है। नई आनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद इंतकाल दर्ज होने की पूरी प्रक्रिया अधिकतम 11 दिन में पूरी हो सकेगी।

दस्तावेजों में कमी मिलने पर रुकेगी प्रक्रिया

नई प्रक्रिया में समय-सीमा तय करने के साथ ही जांच की स्पष्ट व्यवस्था रखी गई है। यदि जांच के दौरान पटवारी को दस्तावेजों या आवेदन में किसी तरह की कमी नजर आती है, तो वह अपने स्तर पर प्रक्रिया को रोक सकेगा। इससे गलत या अधूरे कागजात के आधार पर इंतकाल दर्ज होने की संभावना समाप्त हो जाएगी।

अनावश्यक इंतजार से मिलेगी मुक्ति

पटवारी व कानूनगो एसोसिएशन के प्रधान राजबीर गुलिया के अनुसार साफ्टवेयर तैयार होने के साथ ही नई व्यवस्था को लागू किया जा रहा है। इस आनलाइन व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य किसी भी स्तर पर होने वाली देरी को खत्म करना और लंबित मामलों को तेजी से निपटाना है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

तीन स्तरों पर 11 दिन की समय-सीमा निर्धारित

  • पटवारी स्तर (4 दिन): आवेदन सबसे पहले पटवारी के पोर्टल पर पहुंचेगा। पटवारी को जांच करने और प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए चार दिन का समय मिलेगा।
  • गिरदावर स्तर (3 दिन): इसके बाद मामला गिरदावर के पोर्टल पर जाएगा, जहां दस्तावेजों की जांच के लिए तीन दिन तय किए गए हैं।
  • तहसीलदार स्तर (4 दिन): अंतिम चरण में फाइल तहसीलदार के पोर्टल पर चार दिन तक रहेगी।
  • आटोमेटिक पंजीकरण: यदि 11 दिन की अवधि में किसी भी स्तर पर आपत्ति दर्ज नहीं होती है, तो निर्धारित समय पूरा होने के बाद इंतकाल आटोमेटिक दर्ज हो जाएगा।