कर्मचारियों की जायज मांगें भी पूरी नहीं कर रही सरकार
जागरण संवाददाता, झज्जर : अपनी विभिन्न लंबित मांगे पूरी नहीं होने से खफा पालिका सफाई कर्मच
जागरण संवाददाता, झज्जर :
अपनी विभिन्न लंबित मांगे पूरी नहीं होने से खफा पालिका सफाई कर्मचारियों ने कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के झज्जर कार्यालय के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। यहां उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि अगर यह मांगें समयानुसार पूरी नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। इससे पूर्व कर्मचारियों ने पुरानी पालिका परिसर में बैठक की और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की। कर्मचारियों को सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव राजेंद्र जुलाना, जिला प्रधान जयपाल गुढ़ा, ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र सैनी और राजेंद्र तूषामड़ ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगे भी पूरा नहीं कर रही है। जिसके चलते कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 9 मई से 24 मई तक पूरे प्रदेश की पालिका, परिषदों, निगम के कर्मचारियों ने हड़ताल कर अपना रोष प्रकट किया था। तब सरकार ने कर्मचारियों की मांगे जायज मानते हुए जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक इससे संबंधित कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। जिसके चलते कर्मचारियों में सरकार के प्रति नाराजगी बनी हुई है।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार जल्द कर्मचारियों की मांगे पूरा नहीं करती है तो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 10 सितंबर को होने वाले चंडीगढ़ विधानसभा के घेराव में पालिका, परिषदों व निगमों के कर्मचारियों के साथ बढ़-चढ़ कर भाग लेंगे। इसके अलावा 13 व 14 सितंबर को सभी पालिकाओं में झाड़ू प्रदर्शन किया जाएगा । अगर फिर भी सरकार नहीं जागती है तो 21 सितंबर से 25 सितंबर तक सभी पालिकाओं, परिषदों व निगमों में 12 -12 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी और 1 अक्तूबर को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद भी सरकार मांगे पूरा नहीं करती है तो तीन से पांच अक्तूबर का राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी। जिसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी।
इस दौरान राजपाल , झज्जर इकाइ प्रधान आशीष, लीला राम, सुनील, राकेश, कुलदीप, नरेश, मुकेश सहित अन्य भी मौजूद रहे।