नाम चर्चा घर का दरवाजा रहा बंद, पसरा सन्नाटा
जागरण संवाददाता, झज्जर : पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या मामले में गुरमीत राम रहीम को बृ
जागरण संवाददाता, झज्जर : पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या मामले में गुरमीत राम रहीम को बृहस्पतिवार को सजा सुनाए जाने को लेकर दिनभर लोगों में चर्चाओं का बाजार गरम रहा। फैसला सुनाए जाने से पूर्व लोग अपनी तरह से कयास लगाते हुए दिखाई दिए। लोगों का कहना था कि के फांसी होवेगी या फेर उम्र कैद, दोनों विषय मुख्य रूप से चर्चा का केंद्र बने रहे। लोगों ने इस फैसले से जुड़े हुए पहलुओं को लेकर अपने तर्क भी दिए। ताकि जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, को लेकर क्या होगा। हालांकि, यहां पूर्व के समय में सुनाए गए फैसले और पंचकूला में बनी स्थिति के मद्देनजर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय दिखाई दिया। बेशक ही पुलिस के स्तर
पर गुप्तचर विभाग एवं सुरक्षा शाखा की टीम जानकारी जुटाते हुए पल प्रतिपल पर नजर बनाए हुई थी। इधर, फैसले में रूचि रखने वाले लोग भी यहां दिन भर टीवी एवं मैसेज आदि से इस बात के अपडेट हासिल करते रहे। कुल मिलाकर सुनाए गए फैसले के बाद जिला मुख्यालय पर अतिरिक्त ऐसा कुछ दिखाई नहीं दिया। सुबह से शांत बने रहे माहौल के बीच ही बृहस्पतिवार का दिन भी बीत ही गया। हां, डेरा से जुड़े हुए कुछेक लोगों के व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे। ----पहले भी रहा था शांत माहौल इससे पहले पंचकूला में सुनाए गए फैसले के दौरान भी शहर में माहौल शांतिपूर्वक ही रहा था। हालांकि, तत्कालीन समय में पुलिस एवं प्रशासन के स्तर पर हर तरह की सक्रियता दिखाई गई थी। जहां नाम चर्चा केंद्रों के आस-पास पुलिस की व्यापक तैनाती देखने को मिली थी। वहीं पर कुछ लोगों को झज्जर एवं बहादुरगढ़ से एहतियात के तौर पर गिरफ्तार भी किया गया था। लेकिन अब की दफा ऐसा कुछ होता हुआ दिखाई नहीं दिया। इधर, छारा चुंगी रोड स्थित नाम चरचा घर में लोगों की भी काई हलचल दिखाई नहीं दी। चर्चा घर का मुख्य द्वार भी दिन भर प्राय: बंद ही रहा।