किसान 26 को दिल्ली में परेड पर अड़े, बॉर्डर पर पुलिस कर रही सुरक्षा इंतजाम
जागरण संवाददाता बहादुरगढ़ आंदोलन के बीच किसान अब 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
आंदोलन के बीच किसान अब 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड पर अड़े हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस मामले को दिल्ली पुलिस पर छोड़े जाने के बाद से ही पुलिस की चिता भी बढ़ रही है। साथ में सुरक्षा इंतजाम भी किए जा रहे हैं। टीकरी बॉर्डर पर मेट्रो लाइन के पिल्लरों पर पुलिस सीसीटीवी कैमरे लगवा रही है। 300 मीटर के एरिया में पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाए गए हैं। ट्रैक्टर लेकर पहुंचने का किया जा रहा आह्वान :
किसान नेता विकास सीसर ने बताया कि किसानों द्वारा ट्रैक्टर लेकर बॉर्डर पर पहुंचने का सिलसिला चल रहा है। कुछ आ चुके हैं। बाकी 24 तक आ जाएंगे। 26 को दिल्ली में परेड की जाएगी। सरकार को एमएसपी पर कानूनी गारंटी देनी चाहिए और कानूनों को वापस लेना चाहिए। वहीं पंजाब के किसान नेता प्रगट सिंह ने मंच से कहा कि कुछ लोग यह गलत जानकारी फैला रहे हैं कि किसानों का सरकार के साथ समझौता हो गया है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है। ट्रैक्टर परेड को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का जो फैसला होगा, उसी पर सब कायम रहेंगे। हमारे पास दो दिन पहले ही ट्रैक्टर आ जाएंगे और 26 को परेड होगी। यह शांतिपूर्वक होगी। महिलाओं ने किया क्रमिक अनशन:
टीकरी बॉर्डर के मंच पर वीरवार को महिलाओं ने क्रमिक भूख हड़ताल की। दिन भर में कई जगहों से महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार लेकर पहुंची। एक वृद्ध महिला तो जेली लेकर पहुंची थी। गौरतलब है कि क्षेत्र के अनेक किसान तीन कृषि कानूनों को लेकर विरोध पर आतुर हैं। इसके लिए वे एकजुट होकर आगे की रणनीति में भी जुटे हैं।