विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा CM सैनी के कार्यक्रम से पहले हिरासत में CJP के 3 कार्यकर्ता, पुलिस ने 16 घंटे बाद छोड़ा

Published: Thu, 01 Oct 2026 01:55 PM (IST)

हिसार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले झज्जर में सीजेपी के तीन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी (जागरण फाइल)

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी (जागरण फाइल)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले झज्जर में सीजेपी कार्यकर्ता हिरासत में

  2. संदीप गुलिया, चंद्रमोहन, अभिता द्विजा को 16 घंटे बाद छोड़ा

  3. युवा रोजगार और लंबित भर्तियों पर ज्ञापन देने के बाद कार्रवाई

जागरण संवाददाता, झज्जर। हिसार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले झज्जर में सीजेपी के तीन कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है।

बादली निवासी संदीप गुलिया और चंद्रमोहन को पुलिस ने उनके घर से हिरासत में लिया। इसकी जानकारी मिलने पर आप के प्रदेश प्रवक्ता अभिता द्विजा थाने पहुंचीं।

उन्होंने एसएचओ से संदीप को हिरासत में लेने का कारण पूछा और संबंधित कागजात की जानकारी मांगी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच बहस भी हुई।

इसके बाद महिला पुलिसकर्मी अभिता को भी अपने साथ ले गईं। उन्हें रात करीब साढ़े 12 बजे महिला थाना बहादुरगढ़ ले जाने की जानकारी है। करीब 16 घंटे बाद संदीप, चंद्रमोहन और अभिता को छोड़े जाने की बात सामने आई है।

दो दिन पहले दिया था ज्ञापन

सीजेपी कार्यकर्ताओं ने 28 सितंबर को युवाओं के रोजगार और लंबित भर्तियों के मुद्दे पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। इसमें लंबित भर्तियां जल्द पूरी करने, भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने, लंबित परीक्षाओं की तिथि घोषित करने और स्वीकृत पदों को फ्रीज किए जाने का मुद्दा उठाया गया था।

संदीप गुलिया की पत्नी संजू के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे पुलिसकर्मी घर पहुंचे और संदीप को साथ ले गए। चंद्रमोहन को हिरासत में लेने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की के बीच उन्हें वाहन में बैठाया जाता दिखाई दे रहा है।

हिरासत में लिए जाने का वीडियो जारी

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर सांगवान ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने पर वीडियो जारी किया। उन्होंने कार्रवाई का आधार और संबंधित आदेश की जानकारी मांगी। वहीं पुलिस की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान माहौल न बिगड़े, इसलिए कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया था।