हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली की फिसली जुबान, बोले- हमारा प्रयास है कि देश में गरीबों की संख्या बढ़े
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए अनजाने में कह दिया कि हमारा प्रयास है कि देश में गरीबों की संख्या बढ़े। इस बयान से सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। बड़ौली ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।

जागरण संवाददाता, झज्जर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की प्रवास कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय स्थित सिंचाई भवन के विश्राम गृह में प्रेस वार्ता के दौरान एकाएक उस समय जुबान फिसल गई जब वे प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बात रख रहे थे।
चूक में वे बोले- हमारा प्रयास है कि देश में गरीबों की संख्या बढ़े। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनवाने के साथ ही कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। लेकिन अंत में बात समाप्त करने के दौरान वह ऐसा बोल गए।
भूपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस पर साधा निशाना
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा इसी विषय पर सरकार को घेरे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में तो गरीबों की संख्या नहीं बढ़ी लेकिन कांग्रेस में जरूर कुछ लोग मानसिक रूप से गरीब हो गए हैं। इस मौके पर उनके साथ जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, अधिवक्ता राजकुमार कटारिया मुख्य रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा व उनकी कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ईवीएम मशीन पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ रही है।
आरोप लगाने से पहले कांग्रेस नेताओं को यह बताना चाहिए कि जो उनके 37 विधायक जीतकर आए हैं क्या वहां ईवीएम मशीन ठीक थी। आरोपों का स्वयं ही जवाब मिल जाएगा।
'हरियाणा में खाद की कोई कमी नहीं'
हरियाणा में खाद की किल्लत के सवाल पर बड़ौली ने कहा प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों को लेकर इस प्रकार के भ्रामक प्रचार कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियां करती रही हैं।
जिसका जवाब प्रदेश की जनता ने चुनाव में विपक्ष को दे दिया है। कांग्रेस द्वारा विधायक दल का नेता चुनने में हो रही देरी के सवाल पर उन्होंने कहा उनके पास अपनी पार्टी में चुनने के लिए नेता नहीं है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के सरकारी विभागों में पाने का गोल्डन चांस,103 पदों पर निकली भर्तियां; 27 नवंबर तक करें अप्लाई
भाजपा का 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
भाजपा ने करीब 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। करीब 12 लाख सदस्य बन चुके हैं। सदस्यता अभियान के बाद प्रदेश में संगठन में बदलाव भी किया जाना प्रस्तावित है। ऐसे लोगों को पद मुक्त किया जाएगा जो पद लेकर बैठे रहे, मगर फील्ड में उन्होंने कोई काम नहीं किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली 13 से 21 नवंबर तक पूरे प्रदेश के दौरे पर हैं। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के साथ प्रवास प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें- Haryana School Closed: हरियाणा में 5वीं तक के स्कूल बंद, बढ़ते प्रदूषण के बीच नायब सरकार का फैसला
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।