राजस्थान के पत्थर से बनेगा भट्ठी गेट, होगा आकर्षक
नगर पालिका द्वारा शहर के प्राचीन गेटों का जीर्णोद्धार करने का काम किया जा रहा है। ताकि शहर के सभी सातों गेट फिर से शहर की शान बनें। इसके लिए एक-एक करके सभी गेटों को नए लुक में बनाया जा रहा है। शहर के इतिहास को समेटे हुए यह गेट अब फिर से शहर की अलग ही पहचान बनाने जा रहे हैं।
जागरण संवाददाता,झज्जर : नगर पालिका द्वारा शहर के प्राचीन गेटों का जीर्णोद्धार करने का काम किया जा रहा है। ताकि शहर के सभी सातों गेट फिर से शहर की शान बनें। इसके लिए एक-एक करके सभी गेटों को नए लुक में बनाया जा रहा है। शहर के इतिहास को समेटे हुए यह गेट अब फिर से शहर की अलग ही पहचान बनाने जा रहे हैं। फिलहाल भट्ठी गेट को भव्य रूप से बनाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए नींव खोदने व निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही लोगों को भट्ठी गेट नए अहसास के साथ देखने को मिलेगा।
शहर में नवाबों के जमाने से सात गेट प्रचलित हैं। लेकिन, फिलहाल इन गेटों के नाम से केवल मात्र चौक ही बचे हुए थे। लेकिन, अब इन गेटों को तैयार किया जा रहा है। ताकि हर कोई इन्हें देखकर शहर की सुंदरता का अनुमान लगा सके। भट्ठी गेट को शानदार बनाने के लिए इस पर लगने वाले पत्थर को राजस्थान से मंगवाया गया है। पूरे गेट पर पत्थर से कलाकारी की जाएगी। जिसका निर्माण कार्य लगभग एक माह में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद लोगों को भट्ठी गेट भी अलग ही रूप में नजर आने वाला है। वहीं नगर पालिका इसके अलावा अन्य गेटों के भी जीर्णोद्धार की तैयारी में हैं। - वार्ड-14 के पार्षद महेंद्र वर्मा ने बताया कि नवाबों के समय के यह गेट शहर की शान है। अब भट्ठी गेट को करीब 30 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। भट्ठी गेट का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। करीब एक माह में निर्माण कार्य भी पूरा होने की उम्मीद है।