विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर में कमर में तेज दर्द के बाद 8 महीने की गर्भवती महिला की मौत, 10 साल पहले हुई थी शादी

Published: Tue, 13 Oct 2026 04:35 PM (IST)

कमर में तेज दर्द के बाद आठ माह की गर्भवती महिला की मौत।

कमर में तेज दर्द के बाद आठ माह की गर्भवती महिला की मौत।

HighLights

  1. आठ माह की गर्भवती महिला गंगाजल की मौत

  2. कमर में तेज दर्द के बाद बिगड़ी हालत

  3. झज्जर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में निधन

संवाद सूत्र जागरण, साल्हावास। क्षेत्र के गांव खेतावास में आठ माह की एक गर्भवती महिला की अचानक मौत हो गई है। मृतका की पहचान करीब 31 वर्षीय गंगाजल पत्नी सुनील कुमार के रूप में हुई है।

गंगाजल को अचानक कमर में तेज दर्द हुआ था। इसके बाद स्वजन उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल झज्जर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका गंगाजल की दो बेटियां थीं और वह तीसरी संतान को जन्म देने वाली थी।

दस साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, गंगाजल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गांव पंचरूखिया की रहने वाली थी। करीब दस साल पहले उसकी शादी खेतावास गांव निवासी सुनील कुमार के साथ हुई थी। परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था और महिला आठ माह की गर्भवती थी, इसी दौरान यह अचानक हादसा हो गया।

छूछकवास पुलिस चौकी में तैनात जांच अधिकारी प्रवीण ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिली थी कि गांव खेतावास की एक महिला की मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रथम दृष्टया अभी कुछ संदिग्ध चिह्नित नहीं हुआ है।