नशा बना जान का दुश्मन, सिरसा में नशे के ओवरडोज से एक और युवक की मौत
नशा युवाओं की जान का दुश्मन बन बैठा है। युवा नशे की चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। सिरसा में नशे के ओवरडोज से एक और युवक की मौत हो गई। इस मामले में दो महिलाओं समेत 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
संवाद सहयोगी, रानियां(फतेहाबाद)। फतेहाबाद के वार्ड नंबर सात में शनिवार सुबह नशे की ओवरडोज से 22 वर्षीय युवक वीरू की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए स्वजनों व वार्डवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद रानियां थाना प्रभारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मृतक युवक के स्वजनों व वार्डवासियों का पक्ष जाना और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के पिता मुख्तयार सिंह के बयान पर वार्ड सात व आठ निवासी दो महिलाओं सहित 13 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। नशे की ओवरडोज के कारण पिछले 25 दिनों में जिले में यह चौथी मौत है।
वार्डवासी गुरमेल सिंह, हरबंस सिंह, गुरमीत सिंह, भोला सिंह, राज सिंह व बलदेव सिंह सहित वार्डवासियों ने थाना प्रभारी को बताया कि वार्ड में खुलेआम नशा बिक रहा है। नशा तस्कर बेखौफ धड़ल्ले से नशेेे का व्यापार कर रहे हैं। वार्ड में नशे के कारण घर उजड़ रहे हैं। शनिवार को नशे के कारण मुख्यतार सिंह के 22 वर्षीय बेटे वीरू की मौत हो गई है। थाना प्रभारी ने वार्ड वासियों से कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा नशे पर अंकुश लगाने के लिए विशेष मुहिम चलाई हुई है। वार्ड में नशा तस्करों की सूचना पुलिस प्रशासन को दे किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस मामले में मृतक मुख्त्यार सिंह उर्फ मुखा ने बताया कि उसके बड़े बेटे वीर सिंह उर्फ वीरू काफी समय से नशा करने का आदी था। उसका बेटा क्षेत्र में आसपास के एरिया से गोलियां खरीदकर उनका टीका बनाकर इंजेक्शन लगाता था । उसने बताया कि उसे वीर सिंह उर्फ वीरू ने बताया कि वह रानियां के सुखवंत कौर, राजू सिंह, सूखा सिंह, परमजीत कौर, विजय सिंह, सीपू सिंह निवासी वार्ड सात तथा गुरजंट सिंह उर्फ जंटी, मेजर सिंह, मौनी सिंह, मीतू सिंह, निका सिंह, तोती, लखविंद्र निवासी वार्ड आठ से सीरिंज व गोलियाें की डोज लेकर आता था। उसने बताया कि उसने कई बार उनसे भी नशे की डोज लगवाई है। मुख्तयार सिंह ने कहा कि उसने आरोपितों के घर जाकर उसके बेटे को नशे की गोलियां न देने का आग्रह किया, परंतु वे लोग नहीं माने। उसने बताया कि शनिवार सुबह सात बजे नशे की ओवरडोज से उसके बेटे वीर सिंह की मौत हो गई।
आरोपितों को बख्शा नहीं जाएगा
नशे से हुई मौत पर मामले में आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया है। क्षेत्र में नशे पर अंकुश के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। आरोपितों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
- इंस्पेक्टर विक्रम सिंह, थाना प्रभारी रानियां।