महिला की हत्या कर हाथ-पांव बांधकर सेक्टर 1-4 में फेंका
सेक्टर 1-4 में सड़क किनारे रजाई के खोल में लिपटा मिला महिला का शव । सिर व होठों पर गहरी चोट के निशान नहीं हुई पहचान पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
जेएनएन, हिसार : शहर में एक अज्ञात महिला की हत्या कर शव को सड़क पर फेंकने का मामला सामने आया है। एचटीएम थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मृतका की भी पहचान नहीं हो पाई थी। जानकारी के अनुसार रायपुर रोड पर सेक्टर 1-4 के नजदीक शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला का सड़क किनारे रजाई के खोल में लिपटा मिला। करीब 30 वर्षीय इस महिला के हाथ-पांव बांधे हुए थे। शव को रजाई के खोल में गठरी नुमा हालत में लपेटकर यहां फेंका गया था। शुक्रवार सुबह एक बाइक सवार ने वहां से गुजरते हुए गठरी में बंधे शव से खून गिरते देखा तो उसे शक हुआ तो इस बारे में एचटीएम थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर प्राथमिक जांच कर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया और पहचान के लिए शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
मृतका के सिर व होठों पर गहरी चोट के निशान
एचटीएम थाना में एसएचओ जगदीश सिंह ने बताया कि मृतका के सिर व चेहरे पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। इन चोटों से उसके होठों व सिर से काफी खून बहा, जिससे रजाई के खोल पर काफी खून फैला हुआ था। इस घटना से लगता है, उसकी हत्या रात के समय कर शव का यहां फेंका गया है। पुलिस ने शक जताया है कि महिला की हत्या कहीं ओर की गई है और हत्यारे ने पहचान उजागर न होने के डर से शव को रजाई के खोल में लपेटकर यहां फेंका है।
पहचान के लिए पुलिस ने सार्वजनिक किया नंबर
पुलिस के अनुसार मृतका का रंग सांवला है, चेहरा गोल है। हल्का गुलाबी रंग का छींटदार सूट व हल्के हरे रंग की सलवार पहनी हुई है। गले में चुन्नी हरे फिरोजी रंग की है। दोनों हाथों में एक-एक मेटल चूड़ी है। उम्र लगभग देखने में 30 वर्ष है, जिसके सिर में और होठों पर गहरी चोट है। शव की पहचान के लिए एचटीएम थाना हिसार के दूरभाष नंबर 01662-259833 व थाना प्रबंधक एचटीएम हिसार के मोबाइल नंबर 88140-11309 पर सूचना दे सकते हैं, ताकि इस महिला की पहचान हो सके व अंतिम संस्कार किया जा सके।