अवैध संबंधों में रोड़ा बना पति तो गला रेत कर दी हत्या, प्रेमी जोड़े का खुल गया राज
पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो गला रेता हुआ था। चेहरे सिर व शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। देखने से लग रहा था कि उसने बचने का पूरा प्रयास किया था
रानियां/सिरसा, जेएनएन। पत्नियों के प्रेम संबंध में रोड़ा बने पति की हत्या करने या करवाने के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। सिरसा जिले के गांव संतनगर में तेजधार हथियार से 35 वर्षीय रघुवीर की हत्या कर दी। शव एक किसान के खेत में सुबह पड़ा हुआ मिला। पिता ने पत्नी के अवैध संबंधों के चलते बेटे की हत्या का उल्लेख किया है। जिसके बाद पुलिस ने कुलदीप व कुछ अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। युवक पर बेरहमी से वार किए गए और उसका गला रेता गया है।
पुलिस को दिए बयान में ओमप्रकाश ने बताया कि उनकी पत्नी के गांव के ही व्यक्ति कुलदीप के साथ अवैध संबंध रहे हैं। उसके पुत्र रघुवीर को मां के अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई। इसीलिए कुलदीप व अन्य ने उसे रास्ते से हटाने के लिए हत्या कर दी। उनका आरोप है कि उसका बेटा मजदूरी के लिए गया हुआ था और देर शाम को घर नहीं लौटा तो उसे रातभर ढूंढ़ा। सुबह उसका शव किसान दलजीत सिंह के खेत में पाया। जिसके बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। युवक विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं और मेहनत मजदूरी करता था।
शरीर पर जगह-जगह थे वार के निशान
पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो गला रेता हुआ था। चेहरे, सिर व शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। देखने से लग रहा था कि उसने बचने का पूरा प्रयास किया लेकिन हत्यारों से खुद को बचा नहीं पाया। अनुमान लगाया जा रहा है कि जब रघुवीर पर वार किया गया तो उसने भागने का भी प्रयास किया है लेकिन उस पर तब तक तेजधार हथियार से वार हो चुका होगा इसलिए छूट नहीं पाया। यह भी अंदाजा लगाया गया है कि इस हत्याकांड में तीन से चार लोग शामिल रहे होंगे।
--शव संतनगर के एक खेत से बरामद हुआ है। पहचान के बाद पिता ओमप्रकाश के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरंभिक जानकारी मां के अवैध संबंधों के चलते हत्या की नजर आ रही है। कुछ नाम सामने आए हैं और रेड मार रहे हैं।
साधु राम, थाना प्रभारी रानियां