विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हांसी में सामान बेचने के बहाने घर में घुसे दो बदमाश, महिला को बेहोश कर नकदी और मंगलसूत्र लेकर हुए फरार

Published: Wed, 26 Aug 2026 07:00 AM (IST)

हाजमपुर गांव में सामान बेचने के बहाने घर में घुसे दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक महिला को कथित तौर पर बेहोश कर 30,500 रुपये नकद और मंगलसूत्र चुरा लिया।

सामान बेचने के बहाने घर में घुसे दो व्यक्ति, महिला को बेहोश कर नकदी और मंगलसूत्र ले गए।

सामान बेचने के बहाने घर में घुसे दो व्यक्ति, महिला को बेहोश कर नकदी और मंगलसूत्र ले गए।

HighLights

  1. सामान बेचने के बहाने घर में घुसे दो अज्ञात व्यक्ति।

  2. महिला को बेहोश कर 30,500 रुपये नकद और मंगलसूत्र चोरी।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपियों की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, हांसी। हाजमपुर गांव में सामान बेचने के बहाने घर में घुसे दो अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को कथित तौर पर बेहोश कर घर से नकदी और मंगलसूत्र चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई की मांग की है।

गांव हाजमपुर निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अगस्त को सुबह करीब पौने 10 बजे दो व्यक्ति सामान बेचने के बहाने उसके घर पर आए थे। उस समय घर में उसकी पत्नी अकेली थी।

आरोप है कि दोनों व्यक्ति उसकी पत्नी को सामान देने के बहाने करीब 10-15 मिनट तक घर में बैठे रहे। पत्नी ने जब सामान लेने से इनकार कर दिया तो दोनों वहां से चले गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।

होश में आने के बाद उसने फोन कर अपने पति को घटना की जानकारी दी। नरेश कुमार जब घर पहुंचा तो उसने बताया कि घर में रखे 30 हजार 500 रुपये नकद और उसकी पत्नी का मंगलसूत्र गायब था।

नरेश कुमार ने बताया कि इसके बाद उसने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की गाड़ी दिखाई दे रही है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि सीसीटीवी फुटेज वह जांच में उपलब्ध करवाएगा।

शिकायत के आधार पर पुलिस से अज्ञात आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।