विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में घरेलू कलह के चलते पत्नी ने की पति की हत्या, नाखूनों से नोंचकर उतारा मौत के घाट

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:24 PM (IST)

हिसार के सातरोड खुर्द गांव में घरेलू कलह के चलते महेश (42) की हत्या का आरोप उसकी पत्नी सीमा पर ...और पढ़ें

घरेलू कलह के चलते पत्नी ने पति को नाखूनों से नोंचकर की हत्या।

घरेलू कलह के चलते पत्नी ने पति को नाखूनों से नोंचकर की हत्या।

HighLights

  1. हिसार में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप।

  2. घरेलू झगड़े के बाद महेश का शव घर में मिला।

  3. पुलिस ने पत्नी सीमा को हिरासत में लिया, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार के सातरोड खुर्द गांव में घरेलू कलह के बीच महेश (42) की मौत ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। महेश का शव रविवार सुबह किराये के मकान में चारपाई पर लहूलुहान हालत में मिला। उसकी गर्दन पर नाखूनों के निशान थे, जबकि सिर, कंधे और हाथ पर भी चोटों के निशान पाए गए।

पुलिस ने पत्नी सीमा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां कमलेश, बड़ा भाई सुरेश और स्वजन व परिचित मौके पर पहुंचे। अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाएं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

एक ही अस्पताल में करते थे दोनों काम

न्यू गीता कॉलोनी में रहने वाले मृतक के बड़े भाई सुरेश कुमार ने बताया कि महेश सेक्टर-14 स्थित एक निजी अस्पताल में काम करता था। उसकी पत्नी सीमा भी उसी अस्पताल में कार्यरत है। उनके के दो बेटे हैं, पूर्व और भानी। परिवार के सदस्यों से अनबन के कारण महेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पिछले करीब तीन साल से सातरोड खुर्द में किराये के मकान में रह रहा था।

पिछले कुछ समय से महेश और सीमा के बीच अक्सर विवाद होता था। पारिवारिक तनाव के कारण महेश शराब भी पीने लगा था। उसने पहले मुलतानी चौक के पास सैलून की दुकान चलाई और बाद में ई-रिक्शा भी चलाया। अब वह निजी अस्पताल में काम कर रहा था।

सुरेश ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी कांता का फोन आया कि महेश की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां भाई का शव चारपाई पर पड़ा था। घर में पसरा मातम और भाई की हालत देखकर परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

रात साढ़े तीन बजे हो रहा था झगड़ा

मृ़तक महेश के पड़ोसी दीपक ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। रात करीब साढ़े तीन बजे भी दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था। शोर सुनकर दोनों को समझाने के लिए उनके घर गया था। सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली की महेश की मौत हो चुकी है। उसका शव लहूलुहान हालत में था।

आखिरी बार चेहरा देखना है तो आ जाओ

मृतक की मां कमलेश ने बताया कि उनका छोटा बेटा महेश सातरोड खुर्द गांव में रहता था। उसकी पत्नी उसके साथ मारपीट करती थी। जब वह मेरे पास आता था तो भी उसके साथ मारपीट करती थी। सुबह सीमा की बुआ का फोन आया। उसने कहा कि महेश की तबीयत खराब है। मैंने सोचा की दोबारा से दोनों के बीच झगड़ा हो गया है।

उसके बाद दोबारा फिर से फोन आया और इस बार कहा कि आखिरी बार चेहरा देखना है तो घर आ जाओ। उसके बाद एक पड़ोसी सुमित की बाइक लेकर दूसरे पड़ोसी के साथ बेटे के घर पहुंची तो देखा कि बेटे की मौत हो चुकी थी। उसकी गर्दन पर नाखूनों के निशान थे। सिर पर भी चोट लगी हुई थी।

मृतक के भाई सुरेश के बयान पर सीमा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। आरोपित महिला सीमा से पूछताछ जारी है। -विकास कुमार, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी, हिसार