पत्नी गई मायके, परेशान हो चार बहनों के इकलौते भाई ने फंदा लगा दे दी जान
मृतक विकेश अपने माता-पिता का इकलौता लड़का था उसकी चार बहनें है और वह दो बेटियों का पिता भी था।
हिसार, जेएनएन। जीवन में कितनी भी परेशानी क्यों न हो मगर आत्महत्या किसी भी तरह का समाधान नहीं है। मगर कुछ लोग इस बात को नहीं समझते और अपनों को जीवनभर का दर्द देकर चले जाते हैं। हिसार शहर में भी ऐसा ही हुआ है। यहां जहाजपुल चौक स्थित प्रताप नगर निवासी करीब 35 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस को दिए बयान में मृतक विकेश उर्फ विक्की की माता दयावंती ने बताया कि विकेश ग्रीन स्कवेयर मार्केट रोड पर पुराने रेलवे ओवरब्रिज के पास पार्टनरशिप में एक फ्लैक्स की दुकान चलाता था।
विकेश की पत्नी कई दिन से मायके गई हुई थी। जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान था। रविवार रात को विकेश ने कमरे में पंखे में चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर के अन्य सदस्य सो रहे थे। सोमवार सुबह विकेश के कमरे में गए तो वह फंदे से लटका मिला। विक्की के पार्टनर प्रेमी ने बताया कि विक्की काफी खुश रहता था, लेकिन पता नहीं उसने यह कदम क्यों उठाया। रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित सभी फलेक्स की दुकानें शोक स्वरूप बंद रखी गई। विकेश अपने माता-पिता का इकलौता लड़का था, उसकी चार बहनें है और वह दो बेटियों का पिता भी था।
पति बोला ससुराल पक्ष के लोगों ने मेरी पत्नी को किडनैप कर लिया
हिसार : एक अन्य मामले में फतेहाबाद निवासी सुरेश कुमार ने उसकी पत्नी को किडनैप करने का आरोप लगा पुलिस में सिटी थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में सुरेश ने बताया कि उसके रिश्तेदार मदन व शाली सुनीता ने रविवार को जिंदल पार्क में मिलने के लिए बुलाया था। लेकिन वहां पहुंचे तो वहां पहले से उसकी पत्नी कविता के पिता जसवंत, शांति देवी और 10-15 अन्य लोग वहां थे। सुरेश ने बताया कि मदन ने उसे पानी लाने के लिए भेज दिया और इस दौरान उसकी पत्नी को वो लोग वहां से ले गए। सुरेश ने बताया कि लंबे प्रेम-प्रसंग के बाद महलड़ वासी कविता से उसने कोर्ट में लव मैरिज की थी।