पत्नी ने पति को खिलाई बेहोशी की दवा प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर नहर में फेंका
सिरसा में बीती 22 मई को घर से गायब हुए वार्ड 20 निवासी व्यक्ति संदीप को उसकी पत्नी ममता ने अपने प्रेमी व उसके दोस्त के साथ मिलकर पंजाब क्षेत्र में बहने वाली राजस्थान नहर में फेंका
डबवाली, जेएनएन। सिरसा में बीती 22 मई को घर से गायब हुए वार्ड 20 निवासी व्यक्ति संदीप को उसकी पत्नी ममता ने अपने प्रेमी व उसके दोस्त के साथ मिलकर पंजाब क्षेत्र में बहने वाली राजस्थान नहर में फेंका था। पुलिस ने आरोपित महिला ममता, गांव सिंघेवाला निवासी राम सिंह तथा कप्तान सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार राम सिंह ममता का प्रेमी है। दोनों ने संदीप को ठिकाने लगाने की साजिश रची थी। 23 मई की रात करीब 9.30 बजे ममता ने नशे में प्रयोग होने वाली गोलियां पिसकर सब्जी में मिला दी थीं। बाद में आरोपित राम सिंह व कप्तान ने उसे गांव लंबी पंजावा मार्ग पर राजस्थान नहर के पुल से नहर में फेंक दिया। अगले दिन ममता ने अपने पति की गुमशुदगी का ड्रामा रचा और शहर थाना पुलिस में शिकायत दी।
इस मामले में ममता के भाई अरुण को उस पर शक हो गया और वह उसके वाटॅसअप पर निगाह रखने लगा। जहां उसे पता चला कि ममता का राम सिंह के साथ प्रेम प्रसंग है और वह अपनी 12 वर्षीय बेटी को भी मारने की योजना बनाने में लगी है। जिसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी। डबवाली थाना प्रभारी सत्यवान ने बताया कि आरोपित ममता ने अपने प्रेमी राम सिंह व एक अन्य कप्तान सिंह के साथ मिलकर अपने पति को ठिकाने लगा दिया। आरोपितों को काबू कर लिया है।
युवक ने लगाई फांसी
कालांवाली : वार्ड छह निवासी एक युवक ने मानसिक परेशानी के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कालांवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा। दूध का काम करने वाला 20 वर्षीय युवक विशाल कुछ दिनों से मानसिक तौर से परेशान था। जिसके चलते रविवार रात्रि करीब आठ बजे घर के चौबारे पर जाकर कमरे को अंदर से बंद कर लिया। परिजनों के अनुसार इसके बाद वह ऊंची आवाज में जोर जोर से गाने लगा लिए। इसके बाद उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों को करीब एक घंटे बाद पता चला और उसे नीचे उतार कर निजी चिकित्सक के पास लेकर गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।