होली से पहले एक बार फिर करवट बदलेगा मौसम, बारिश के आसार
विशेषज्ञों के अनुसार 18 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील और खुश्क रहेगा। लेकिन 19 मार्च की रात और 20 मार्च को प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। इस बार सर्दी लंबी चली है। मार्च का आधा महीना बीत चुका है मगर सुबह और शाम के वक्त अभी भी सर्दी का एहसास हो रहा है। ऐसे में होली से पहले एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के कई राज्यों में मौसम परिवर्तनशील बनेगा। विशेषज्ञों के अनुसार 18 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील और खुश्क रहेगा। लेकिन 19 मार्च की रात और 20 मार्च को प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कहीं-कहीं हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। बूंदाबांदी के कारण हल्की ठंड बढऩे की संभावना के चलते होली के त्यौहार पर भी इसका असर पड़ सकता है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा।
इससे पहले शनिवार को पूरे दिन धूप खिली रही, लेकिन आधा मार्च बीत जाने के बाद भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी मौसम खुश्क ही रहा तो वहीं तेज धूप भी खिली। वहीं तापमान भी शनिवार के दिन जैसा ही रहा। सोमवार को भी मौसम खुश्क बना रहेगा। वहीं सोमवार की रात से मौसम में तब्दीली होनी शुरू हो सकती है।
एचएयू के कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम के परिवर्तशील रहने की संभावना को देखते हुए किसान गेहूं की फसल में आवश्यकता अनुसार सिचाई 18 मार्च तक कर लें। यदि गेहूं की फसल में चेपा रोग के लक्षण दिखे तो मौसम साफ होने के बाद विश्वविद्यालय की सिफारिश के अनुसार 400 मिलि. मेलाथियान का 250 लीटर पानी में घोल बना कर प्रति एकड़ छिड़काव करें।