weather update : 11 से बदलेगा मौसम, 12 व 13 दिसंबर को बूंदाबांदी संभव, बढ़ेगी सर्दी
मौसम वैज्ञानिक डा. मदन खिचड़ ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं सुबह के समय धुंध भी देखने को मिलेगी
हिसार, जेएनएन। दो दिन पहले अलसुबह धुंध छाई तो फिर मौसम साफ हो गया। बीते दो दिनों से धूप खिल रही है तो वहीं सुबह और रात के समय ज्यादा ठंड बढ़ रही है। मगर अब सर्दी और ज्यादा बढ़ेगी। क्योंकि 11 दिसंबर से तापमान में बदलाव होगा। 12 व 13 दिसंबर को बादलवाई, गरज व हवाओं के साथ प्रदेश के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।
चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार मौसम वैज्ञानिक डा. मदन खिचड़ ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं सुबह के समय धुंध भी देखने को मिलेगी। ऐसे में ठंड से बचने के लिए इंतजाम पहले ही कर लें। क्योंकि जरा सी लापरवाही आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है।
वहीं बारिश और धुंध दोनों ही फसलों के लिए फायदेमंद साबित होंगी। मौसम वैज्ञानिकों की किसानों के लिए सलाह है कि सिचाई मौसम के अनुरूप ही करें। वहीं शनिवार को फतेहाबाद प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जोकि सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं रविवार की सुबह बेहद ठंड रही। मगर फिर धूप निकलने के कारण मौसम खुशनुमा हो गया।
प्रदेश में शनिवार को यह रहा तापमान
जिला- अधिकतम न्यूनतम
फतेहाबाद- 21 - 6
हिसार- 23.4- 6.3
कुरुक्षेत्र- 24.5- 7
अंबाला- 23.9- 7.4
करनाल- 24.6- 7.4
सिरसा- 22.4- 7.5
भिवानी- 23.5- 7.6
रोहतक- 22- 8.2
चंडीगढ़- 25- 8.9
फरीदाबाद- 25- 9.3
गुरुग्राम- 24.5- 9.3
झज्जर- 24- 10
दादरी- 23- 10
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में हैं।
भिवानी में ठंड से बुजुर्ग की मौत
भिवानी: बैंक कालोनी निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति की ठंड के कारण शुक्रवार रात को मौत हो गई। उसे सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित दिया। बैंक कालोनी निवासी बिजेंद्र ने बताया कि उसके पिता 77 वर्षीय जुगलाल की रात को अधिक ठंड के कारण अचानक तबियत बिगड़ गई। उन्हें चौ. बंसीलाल सामान्य अस्पताल लेकर गए तो वहां उनकी मौत हो गई।