Weather New Update Haryana: गर्मी से जल्द मिलेगी निजात, जानें बारिश को लेकर नया अपडेट
राजस्थान की सीमा से लगे दक्षिणी पाकिस्तान में बने साइक्लोन सर्कुलेशन के कारण अब मौसम बदलेगा। यह साइक्लोन राजस्थान होते हुए जब हरियाणा की तरफ बढ़ेगा तो मौसम परिवर्तित होगा।
हिसार, जेएनएन। आधा सितंबर बीत चुका है मगर गर्मी है कि कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिन के वक्त धूप तो इतनी होती है कि त्वचा झुलस जाए। वहीं उमस में भी हल्की ही कमी आई है। जबकि इन दिनों में बीते सालों की बात करें तो तापमान में गिरावट देखने को मिलती है। बुधवार को भी हिसार में दोपहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मगर दो दिनों बाद इस गर्मी से हल्की निजात मिलने के आसार नजर आ रहे हैं।
अब एक बार फिर से मौसम के करवट बदलने की संभावना बनी हुई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 21 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील है। साथ ही 18 से 20 सितंबर के दौरान बीच-बीच में बादल व हवाओं के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम परिवर्तन का मुख्य कारण राजस्थान की सीमा से लगे दक्षिणी पाकिस्तान में बना साइक्लोन सर्कुलेशन है। यह साइक्लोन राजस्थान होते हुए जब हरियाणा की तरफ बढ़ेगा तो मौसम परिवर्तित होगा।
फसलों का किया नुकसान
मौसम का परिवर्तन इस बार किसानों के लिए काफी नुकसानदायक रहा है। कभी गर्मी तो कभी बारिश ने कीटों को जन्म दिया। जिसके कारण कपास की फसल पूरी तरह से नष्ट होने के कगार पर पहुंच गई। साथ ही दूसरी फसलों पर भी मौसम के दुष्प्रभाव देखने को मिले हैं। एचएयू के कृषि विज्ञानियों ने कपास में हुए नुकसान को लेकर प्रदेश के कुछ स्थानों पर आंतरिक सर्वे भी किया है। जिसकी जांच चल रही है।
प्रदेश में सबसे अधिक हिसार में दिन का तापमान
जिला- अधिकतम- न्यूनतम
अंबाला- 35.2- 25.5
भिवानी- 38.0- 26.1
चंडीगढ़- 35.1- 26.0
पंचकूला- 35.0- 25.5
फरीदाबाद- 36.6- 25.0
गुरुग्राम- 36.4- 23.7
हिसार- 37.8- 24.5
करनाल- 34.6- 26.0
कुरुक्षेत्र- 36.5- 26.5
नारनौल- 37.5- 23.5
रोहतक- 35.0- 27.0
सिरसा- 37.3- 26.3
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।