फिर छाए बदरा, 5 अक्टूबर तक बदलता रहेगा मौसम, इन दो दिनों में बारिश के आसार
हिसार और आसपास के जिलों में अगली फसल की बुआई के लिए तैयारी चल रही है। अब बारिश के आसार होने से किसान खुश हैं। जहां अभी तक फसलों का काम पूरा नहीं हुआ है वहां किसान बारिश नहीं चाहते
हिसार, जेएनएन। देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात है तो हरियाणा में बेहद कम बारिश हुई। मगर अब बीते दिन से आसमान में छाए बादलों को देख फिर से बारिश होने की उम्मीद जगी है। बाकी राज्यों में पानी के कारण जहां लोग परेशान हैं वहीं हरियाणा के कई जिलों में फसलें काट लेने के कारण पानी की जरूरत है।
हिसार और आसपास के जिलों में अगली फसल की बुआई के लिए तैयारी चल रही है। अब बारिश के आसार होने से किसान खुश हैं। वहीं जहां अभी तक फसलों का काम पूरा नहीं हुआ है, वहां के किसान बारिश नहीं चाहते हैं। करीब एक महीने तक तेज धूप और गर्मी के बाद रविवार सुबह मौसम ने करवट ली तो गर्मी और उमस से लोगों को कुछ राहत नसीब हुई।
इसके साथ ही दोपहर व सायं को बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से -5 डिग्री कम है तो न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
रविवाद देर रात कहीं कहीं छिटपुट बारिश भी हुई। वहीं साेमवार को अलसुबह ही मौसम ठंडा हो गया और आसमान में बादल छा गए। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। सोमवार की सुबह अधिकतम तापमान में और भी गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को भी सुबह ही बादल छा गए, बीते दो दिनों से ऐसा ही मौसम बना हुआ है। रात के वक्त लाेग कूलर की जगह पंखा ही चला रहे हैं।
बता दें कि पिछले कई दिनों से मौसम में लगातार गर्मी बनी हुई थी। साइक्लोन सर्कुलेशन के कारण हरियाणा में मानसून रहने पर भी कम बारिश ही हो रही थी, जबकि दूसरे राज्यों में अत्यधिक बारिश से लोग परेशान थे। अब मौसम में बदलाव आया है। एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि 5 अक्टूबर तक मौसम इसी प्रकार परिवर्तनशील रहेगा। इसके बीच में 2 व 4 अक्टूबर को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी होनी की संभावना है।