weather update: मौसम ने फिर बदली करवट, बूंदाबांदी शुरू, कल से धुंध छाने के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण 24 जनवरी तक बारिश के आसार और इसके बाद आगामी कुछ दिनों तक सुबह शाम कोहरा छाने की संभावना है
हिसार, जेएनएन। गत दिवस मौसम साफ रहने के बाद आज सुबह मौसम ने फिर करवट बदली। सुबह हल्की धुंध के बाद मौसम साफ हुआ तो वहीं दोपहर होते ही आसमान में बादल छा गए। इसके बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। ऐसे में तापमान में एक बार फिर गिरावट महसूस हुई। इससे पहले मंगलवार को पूरा दिन मौसम साफ रहा था। मगर सोमवार और मंगलवार को जिले में तीन एमएम बारिश के साथ ओलावृष्टि से ठंड बढ़ी थी। अभी आज पूरे दिन बारिश के आसार बने रहेंगे। इसके बाद कल से मौसम साफ रहने की उम्मीद है मगर ठंड बढ़ेगी और धुंध छाई रहेगी।
सोमवार को हांसी के कई गांवों में जहां ओले गिरने से नुकसान हुआ। वहीं नारनौंद में भी कई गांवों में ओलावृष्टि हुई। नारनौंद के पाली गांव में धरती पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। ओले गिरने से हांसी और नारनौंद क्षेत्र में फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं अब बारिश होने से फसलों को फायदा होगा और धुंध के कारण भी नमी मिलती रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को भी सुबह का न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में बढ़ गया है, जिसके कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में ठंडी हवाएं चल रही हैं। इस सिस्टम के कारण जम्मू कश्मीर सहित पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।
विभाग के अनुसार प्रदेश के कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले में 24 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और सुबह-शाम घना कोहरा छाने की संभावना है।