Weather Hisar: मौसम का बदला मिजाज, गिरेगा पारा, बारिश को लेकर भी अच्छी खबर
weather News hisar मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला में 61 फीसद तो रोहतक में 51 फीसद कम बारिश हुई है। बारिश कम होने से फसलों को नुकसान हो रहा है। सफेद मक्खी का प्रकोप भी ज्यादा है।
हिसार, जेएनएन। प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। उमस भरी गर्मी से लोगों को अब राहत मिली है। सोमवार को हिसार में आसमान में काले बादल छाए और ठंडी हवा के झाेंको ने मौसम बदल दिया। धूप व छाव का खेल चलता रहा। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले समय में मौसम में और बदलाव होगा और न्यूनतम तापमान और नीचे जाएगा। वहीं दूसरी ओर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 5 सितंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की उम्मीद है मगर 1 सितंबर से 3 सितंबर के बीच कहीं-कहीं गरज चमक व हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
वहीं प्रदेश में कई इलाके ऐसे हैं जहां औसत से काफी कम बारिश हुई है।
ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि इन दिनों इंद्र देवता मेहरबान होंगे और बरसेंगे। जिन जगहों पर कम बारिश हुई है वहां फसलें खराब होनी शुरू हो गई है। हिसार की बात करें तो बालसमंद और नारनौंद क्षेत्र में कपास की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। बारिश न होने से सफेद मक्खी ने फसलों को तबाह कर दिया है। ऐसे में अब किसानों को बाकि बची फसल के लिए बारिश से काफी उम्मीदें हैं।
अब तक दो फीसद कम बारिश
हरियाणा राज्य में मानसून के दौरान (1जून से 29 अगस्त) तक भारत मौसम विज्ञान विभाग में दर्ज आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक सामान्य से 2 फिसद कम बारिश दर्ज हुई है। इस दौरान राज्य में सामान्य बारिश 358.9 मिलीमीटर की जगह 350.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। परन्तु राज्य के ग्यारह जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई जिनमे मुख्य पंचकूला (-61 फीसद), रोहतक (-51फीसद),भिवानी (-40 फीसद) महेंद्रगढ़ (-36 फीसद), रेवाडी (-26 फीसद), अम्बाला (-21फीसद),हिसार (-13फीसद), जींद (-10 फीसद), पानीपत (-8 फीसद), पलवल(-5 फीसद), यमुनानगर(-2फीसद) और राज्य के बाकी जिलों में सामान्य या अधिक वर्षा आंकी गई है।
मौसम पूर्वानुमान:-
एक कम दबाब का क्षेत्र राजस्थान पर बने होने के कारण अरब सागर से नमी वाली हवाएं आने की संभावना से हरियाणा राज्य में मानसून की सक्रियता थोड़ी बढ़ने की संभावना है, जिससे राज्य में 5 सितंबर तक मानसून आमतौर पर परिवर्तनशील रहने और 1 सितंबर से 3 सितंबर के दौरान बीच- बीच में तेज हवायों व गरज चमक के साथ कहीं- कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।