यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोहतक की मंडी में धान बेचने के लिए गेट पास का छह घंटे तक कर रहे इंतजार, किसान परेशान
धान की कटाई जोरों पर होने के चलते नई अनाज मंडी में धान की आवक भी तेज हो गई है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, रोहतक : रोहतक में धान की कटाई जोरों पर होने के चलते नई अनाज मंडी में धान की आवक भी तेज हो गई है। लेकिन दूसरी ओर मार्केट कमेटी की ओर से किसानों को पर्याप्त सुविधाए मुहैया न होने के चलते किसानों की दिक्कतेें बढ़ रही है। रोहतक की नई अनाज मंडी में गेट पास के लिए किसानों को एक या दाे नहीं बल्कि छह घंटे तक भी इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को यही स्थिति बनी रही और किसान घंटों तक परेशान रहे। नई अनाज मंडी के बाहर दोपहर तक भी ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार लगी रही। जिसके चलते मंडी के बाहर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
उधर, मार्केट कमेटी अधिकारियों का कहना है कि कई दिन की छुटटी के बाद अचानक अधिक संख्या में किसान धान लेकर पहुंचे, जिससे मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार लगी रही। वहीं, गेट पास बनाने की प्रक्रिया में समय लगता है। उसमें किसान का फसल से संबंधित डाटा होता है।
रोहतक की नई अनाज मंडी में धान की फसल लेकर पहुंचे खिडवाली गांव निवासी किसान बलजीत ने बताया कि वे सुबह पांच बजे से लाइन में लगे हैं लेकिन गेट पास 11 बजे के बाद मिला है। वहीं, मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार में लगे घडावठी गांव निवासी किसान महेंद्र का कहना है कि वे सुबह करीब तीन बजे ही धान की बिक्री के लिए रोहतक आए गए थे लेकिन दस बजे तक भी उनको गेट पास नहीं मिला है। उसके बाद उनका नंबर गेट पास के लिए आया है। उनके अलावा सांघी गांव निवासी किसान सोनू का कहना है कि सुबह पांच बजे धान लेकर मंडी में पहुंचे के बाद भी यहां पांच से छह घंटे तक इंतजार करना पड़ा है। जिससे किसानों में रोष बना हुआ है। मंडी के बाहर बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों सहित खड़े हैं।
मंडी में अनेक किसान पीआर किस्म की धान लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सोमवार को फिर से पीआर धान की सरकारी खरीद की जानी है। लिहाजा अनेक किसान पीआर धान की फसल लाए हैं। लेकिन गेट पास की प्रक्रिया इतनी धीमी है कि किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। हालांकि दोपहर बाद किसानों को कुछ राहत मिली है।
---
मंडी में सोमवार को बड़ी संख्या में किसान धान लेकर पहुंचे। जिस कारण मंडी के बाहर ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार लगी रही। मंडी में गेट पास तैयार करने समय किसान की फसल से संबंधित डाटा फीड करना होता है। लिहाजा उस प्रक्रिया में कुछ मिनट का समय लगता है। किसानों के लिए मंडी का तीसरा गेट भी खोल दिया गया है ताकि कोई समस्या न हो।
- शिवकुमार, कार्यकारी, मार्केट कमेटी सचिव, रोहतक ।
