बहादुरगढ़ में क्रांतिकारी रहे मांगेराम वत्स के पौत्र को गाड़ी ने रौंदा, मौत
हरियाणा के बहादुरगढ़ में क्रांतिकारी रहे मांगेराम वत्स के पौत्र को गाड़ी ने रौंद दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में आरोपित गाड़ी चालक समेत आठ अन्य जख्मी हो गए हैं। वहीं एक की हालत गंभीर है।
बहादुरगढ़, जेएनएन। शहीद भगत सिंह के साथी रहे मांडौठी गांव के क्रांतिकारी पंडित मांगेराम वत्स के पौत्र सूयश वत्स (60) को शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार इको गाड़ी ने रौंद दिया। इसमें उनकी मौत हो गई। वे एक आश्रम से दूध लेकर बाइक पर घर लौट रहे थे।
इसी दुर्घटना में आरोपित गाड़ी चालक समेत आठ अन्य लोग जख्मी हो गए। इनमें से एक की हालत ज्यादा गंभीर है। उसे दिल्ली रेफर किया गया है। घायलों में दो महिलाएं भी हैं। यह घटना नाहरा-नाहरी मार्ग पर हुई। मृतक सूयश वत्स दिल्ली में शिक्षक थे और जून में ही रिटायर हुए थे। उनका परिवार शहर की नई बस्ती में रहता है।
रोजाना वे बामनौली गांव के पास स्थित आश्रम से दूध लेने बाइक पर जाते थे। शुक्रवार सुबह लौटते समय सामने से आ रही इको गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधे ही उनकी बाइक को रौंदती चली गई। उनके पीछे आ रही दूसरी बाइक भी चपेट में आ गई। इसके बाद भी इको गाड़ी नहीं रुकी और सड़क से नीचे पेड़ से जा टकराई। घटना में बाइक सवार सूयश ने तो दम तोड़ दिया जबकि दूसरी बाइक पर सवार दिल्ली के गांव जौनती के रहने वाले दो भाई सुरेंद्र और बिजेंद्र जख्मी हो गए। अन्य घायलों में इको गाड़ी चालक नजफगढ़ का रहने वाला भगत, शालू पत्नी रमन, राजेंद्र, राहुल, नवीन व कमला देवी शामिल है। पता चला है कि इको सवार लोग सोनीपत के गोहाना की तरफ जा रहे थे।
घायल भाइयो में से एक रेफर
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इको गाड़ी में सवार सभी लोगों को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। जबकि दोनों भाइयों सुरेंद्र व बिजेंद्र को शहर के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में ले जाया गया। सुरेंद्र की हालत गंभीर है। उसे दोपहर के समय यहां से दिल्ली के अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इको गाड़ी के चालक के खिलाफ लापरवाही के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया।
-कर्मवीर सिंह, एसएचओ, लाइनपार थाना