वेलेंटाइन डे को सिर पर सजना था सेहरा, एक गंदी करतूत से जेल पहुंच गया दूल्हा
घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी मगर हथकड़ी लगी तो खुशियां मातम में बदल गई। जिसे भी इस घटना का पता चला तो कलयुगी कह उठा तो किसी ने युवक को हैवान तक कह डाला।
भिवानी, जेएनएन। बुरे काम का बुरा नतीजा, ये कहावत महज कहने भर को नहीं बल्कि यह सार्थक भी सिद्ध हो रही है। हरियाणा के भिवानी जिले में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां वेलेंटाइन डे के दिन एक युवक दूल्हा बनने वाला था वहीं एक घटिया करतूत ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी मगर हथकड़ी लगी तो खुशियां मातम में बदल गई।
शादी से तीन दिन पहले 11 फरवरी को रिश्ते के चाचा ने अपनी ही नाबालिग 14 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म कर दिया। रिश्ते तार-तार हुए तो आहत पीडि़ता ने कुएं में छलांग लगा दी। लड़की की जान नहीं बच सकी। जिसे भी इस घटना का पता चला तो कलयुगी कह उठा। किसी ने युवक को जान से मार देने की बात कही तो किसी ने हैवान तक कहा। मामले के कारण परिजनों को शर्मिदंगी भी उठानी पड़ी।
मृतका के परिजनों ने कहा कि वो किसी काम से बाहर गए हुए थे, जब घर लौटे तो देखा कि चाचा अपनी ही भतीजी के साथ गलत काम कर रहा था। भतीजी घर पर अकेली थी इसलिए विरोध न कर सकी। अकेली देख रिश्ते में चाचा लगने वाले एक लड़के ने घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला।
14 फरवरी को होनी थी शादी, खुशी मना रहे थे घरवाले
दुष्कर्म के आरोपित युवक की 14 फरवरी को शादी होनी थी। मगर हुआ कुछ ओर ही। अब गांव में मामले को लेकर तरह तरह की बातें जारी हैं। शादी में प्रयोग होने वाली सारी चीजें धरी की धरी रह गई तो परिवार में किशोरी की जान गई और आरोपित जेल में पहुंच गया। वहीं घटना से दुल्हन के परिजन भी आहत हैं और शादी से पहले ही सच्चाई सामने आने की बात कह रहे हैं।
चौकी इंचार्ज बोले- युवती से दुष्कर्म की हुई है पुष्टि
जुई पुलिस चौकी इंचार्ज रामअवतार ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव की लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है। लड़की ने आहत होकर कुएं में कूद कर जान दे दी है। लड़की के चाचा के बयान पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पॉस्को एक्ट व आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने का मामला दर्ज किया है।