पहले न सुनी होगी ऐसी ठगी, मैजिक पेन से चेक पर लिखा कैंसिल और खाते से निकाले पौने 3 लाख
पीडि़त के पास एक महिला आई जिसने अपने आप को बैंक कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए कहा। महिला ने क्रेडिट कार्ड के लिए दस्तावेज और चेक ले लिया। इसके बाद ऐसा खेल किया कि खाते से पौने तीन लाख रुपये निकाल लिए।
रोहतक, जेएनएन। ठगी के मामले तो सामने आते रहते हैं मगर कुछ केस ऐसे होते हैं कि सुनकर यकीन कर पाना भी मुश्किल हो जाता है। क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर दुकानदार से पौने तीन लाख की ठगी करने वाली दिल्ली की महिला समेत दो आरोपितों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला ने मैजिक पेन के माध्यम से चेक पर कैंसिल लिखा था। मैजिक पेन की स्याही उडऩे के बाद चेक पर रकम भरकर खाते से निकाल ली थी। तीसरा आरोपित अभी फरार चल रहा है।
थाना प्रभारी उदयभान सिंह ने बताया कि विनोद कुमार की सुभाष नगर में गारमेंट्स की दुकान है। आठ सितंबर को उनके पास एक महिला आई, जिसने अपने आप को बैंक कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए कहा। महिला ने क्रेडिट कार्ड के लिए दस्तावेज और चेक ले लिया। इसके बाद खाते से पौने तीन लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी एसआइ हरपाल सिंह ने मामले की जांच की, जिसके बाद दिल्ली के तिलक नगर निवासी दिवाकर और दिल्ली के रानीबाग निवासी चेतना अरोड़ा को गिरफ्तार किया।
आरोपितों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित दिवाकर ने अपने साथी सन्नी उर्फ कर्ण के साथ मिलकर क्रेडिट कार्ड के लिए विनोद कुमार के पास फोन से संपर्क किया था। विनोद कुमार को जाल में फंसाने के लिए अगले दिन चेतना अरोड़ा को दुकान पर भेजा गया। विनोद कुमार की तरफ से दिए गए चैक पर चेतना अरोड़ा ने मैजिक पेन से कैंसिल लिख दिया।
कुछ घंटे बाद मैजिक पैन की स्याही चेक से उड़ गई, जिसके बाद आरोपितों ने चैक पर पौने तीन लाख रुपये की राशि भर दी। आरोपितों ने रोहतक आकर बैंक में चेक लगाकर रकम निकाल ली। आरोपित सन्नी उर्फ कर्ण अभी फरार चल रहा है। जिसे पकडऩे के लिए दबिश दी जा रही है।