झज्जर में भाईचारे की अनूठी मिसाल, आग ने छीन ली छत, अब मदद के लिए बढ़े हाथ
झज्जर के माछरोली में भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली है। होली के दिन विनोद का घर जल गया। परिवार बेघर हो गया। सामान के साथ घर बनाने को रखे पैसे भी खाक हो गए। लोगों ने विनोद के परिवार के लिए 2 लाख 25 हजार जुटाए हैं।
झज्जर/माछरोली [गोपाल किशन]। एक तरफ सभी लोग होली की खुशियां मना रहे थे। इसी दौरान गांव माछरोली निवासी विनोद के घर पर आग लगने के कारण सारा सामान जलकर राख हो गया। यहां तक कि किसी अन्य के घर पर आश्रय लेकर विनोद के परिवार को समय व्यतीत करना पड़ा।
पीड़ा के इस समय में सुखद पहलू यह आन बना है कि ग्रामीण भाईचारे का परिचय देते हुए परिवार की मदद के लिए आगे आए है। विनोद के लिए किसी ने घर का सामान दिया है तो किसी ने नगद पैसे। अब विनोद के परिवार के सिर पर फिर से खुद की छत होगी। आपसी भाईचारे व दयाभाव का परिचय देकर ग्रामीण दूसरों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बने हैं। ताकि दूसरे लोग भी जरूरतमंद की मदद करने के लिए आगे आएं।
गांव माछरोली निवासी विनोद ने बताया कि 27 मार्च को उसके घर में आग लग गई थी। आग लगने के कारण सारा सामान जलकर राख हो गया। घर की टीन भी जल गई। इस कारण परिवार वाले वहां पर रहने की स्थिति में भी नहीं रहे। ऐसे में उन्होंने अपने प्लॉट में रहना पड़ा जहां पशुओं को बांधा जा रहा था। वे 2 लाख 30 हजार रुपये कर्ज पर लेकर आए थे, ताकि अपना नया मकान बना सके। उन्हें बेड में रखा था। आग लगने के कारण तत्कालीन समय बेड के साथ-साथ 2.30 लाख रुपये भी जल गए।
घर भी न बना, कर्ज में डूब गए
इस कारण दोहरी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। न तो घर बना और ऊपर से कर्ज भी बढ़ गया। वहीं अब नया घर बनाने की चुनौती भी समक्ष खड़ी हो गई। ऐसे में ग्रामीणों ने विनोद की पीड़ा को समझा और मदद के लिए आगे आए। ग्रामीणों ने मदद करते हुए घर का सामान दिया, ताकि उसका परिवार भी गुजर-बसर कर सके। वहीं लोगों ने आर्थिक मदद भी की।
विधायक कुलदीप वत्स ने दिए एक लाख रुपये
माछरोली युवा संगठन के प्रधान सुंदर ने बताया कि विनोद मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। लेकिन आग लगने के कारण घर जलने से उसकी परेशानी बढ़ गई। इसके लिए उनके संगठन ने लोगों को मदद के लिए प्रोत्साहित किया। बादली विधानसभा के विधायक कुलदीप वत्स ने एक लाख रुपये व गांव के पूर्व सरपंच अजीत ने 50 हजार रुपये सहित ग्रामीणों ने कुल 2 लाख 25 हजार रुपये की मदद की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उसकी मदद करके भाईचारे की मिसाल पेश की है। प्रधान सुंदर ने कहा कि हम एक-दूसरे की मदद करते रहें तो हमारा भाईचारा बना रहेगा और एक-दूसरे को समय पर मदद भी मिलती रहेगी।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें