दो शादी कर चुकी महिला ने हेड कांस्टेबल को झूठे प्यार में फंसाया, ठग लिए 3 लाख रुपये
रुपये लौटाने पर दुष्कर्म का केस करवाने की दी धमकी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बरामद किए 1 लाख रुपये व दो खाली चेक। महिला टोहाना खंड के गांव डांगरा की रहने वाली है
फतेहाबाद, जेएनएन। महिला ने पहले पुलिस विभाग में कार्यरत हैड कांस्टेबल को अपने प्यार में फंसाया और रुपये लिए। जब पुलिस कर्मचारी ने देने से मना किया तो दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करवाकर मामला दर्ज करवाने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला गांव डांगरा की रहने वाली है और पहले ही दो बार शादी कर चुकी है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात हैड कांस्टेबल इस समय चालक का काम कर रहा है। करीब दो साल पहले डांगरा निवासी महिला पिंकी अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के लिए फतेहाबाद कोर्ट में आई थी। इसी दौरान पुलिस लाइन में तैनात हैड कांस्टेबल से मुलाकात हो गई। उसके बाद क्या था महिला ने प्यार का ऐसा जादू चलाया कि हैड कांस्टेबल महिला के कहने पर चलने लग गया। पहले महिला ने 2 लाख रुपये लिए। इसके अलावा दो खाली चेक भी लिए। पिछले दिनों गर्मी अधिक होने के कारण कांस्टेबल ने महिला को फ्रीज भी दिला दिया।
महिला ने और रुपये मांगे तो मामला बिगड़ गया। हैड कांस्टेबल ने कहा कि उसके पास रुपये नहीं है। लेकिन किसी तरह उसने महिला को 25 जुलाई को 50 हजार रुपये दे दिए। लेकिन महिला ने कहा कि अगर रविवार को रुपये नहीं दिए तो उसके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करवा दिया जाएगा। जिसके बाद हैड कांस्टेबल ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक टीम बना ली और महिला को फतेहाबाद के एमएम कालेज के पास बुलाया। हैड कांस्टेबल ने जैसे ही महिला को 50 हजार रुपये दिए तो पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने महिला से एक लाख रुपये, दो खाली चेक बरामद कर लिए है। पुलिस ने डांगरा निवासी महिला पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं बताया जा रहा है कि महिला ने पहले ही दो शादी कर रखी है। पहले से तलाक हो गया था। इसके अलावा एक व्यक्ति के खिलाफ भी दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया हुआ है जिसकी जांच चल रही है। शहर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह ने बताया कि महिला ने पुलिस कर्मचारी को दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दी और रुपये एंठे लिए थे। पुलिस ने एक लाख रुपये और दो खाली चेक बरामद किए है।