बंदरों से भयभीत हो रहे तिलियार झील पर आने वाले पर्यटक, पर्यटकों की सुरक्षा करने में विभाग के अधिकारी बेबस
झील के चारों तरफ मंडराते रहते हैं अनेक बंदर। पर्यटकों के थैलों से लेकर खाने की वस्तुएं तक झपट रहे।
जेएनएन, रोहतक : तिलियार झील पर आने वाले पर्यटक यहां बंदरों से भयभीत हैं। झील के चारों तरफ बड़ी संख्या में बंदर मंडराते रहते हैं। पर्यटकों के थैलों से लेकर खाने की वस्तुएं तक झपटते देखे जा सकते हैं। दिनभर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यहां पर बच्चों से लेकर महिलाएं व बुजुर्ग पर्यटक भी काफी संख्या में घूमने आते हैं। लेकिन पर्यटकों की मानें तो बंदरों से उनकी सुरक्षा करने में विभाग भी बेबस नजर आ रहा है और कर्मचारियों की कमी बता रहा है।
यहां पर आए दिन पर्यटकों के लिए बंदर परेशानियां पैदा कर रहे हैं। लेकिन विभाग की ओर से पर्यटकों की इनसे सुरक्षा करने के लिए पर्याप्त इंतजाम कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। तिलियार पर घूमते हुए हर वक्त ये भय बना रहता है अब कहीं बंदर काट न लें। कई पर्यटकों ने तो बंदरों के डर से यहां आना ही कम कर दिया है। जिससे विभाग को नुकसान भी होगा। पर्यटकों का कहना है कि तिलियार झील पर आने वाले पर्यटकों की बंदरों से जल्द से जल्द सुरक्षा की जाए और यहां से बंदरों को पकड़वाया जाए। ताकि पर्यटक यहां झील के चारों तरफ घूमने का आनंद उठा सके। यहां रोहतक ही नहीं बल्कि दिल्ली और एनसीआर से भी बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में यहां बंदरों से पर्यटकों का बचाव करने के पर्याप्त इंतजाम न होने से उनमें रोष होने लगा है।
न केवल तिलियार झील के आसपास बल्कि झील में बने पुलों पर भी बंदरों का कब्जा रहता है। बंदरों से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से पर्यटक यहां डर के माहौल में रहते हैं।
- राजेंद्र, पर्यटक ।
तिलियार झील के चारों तरफ काफी संख्या में बंदरों को देखा जा सकता है। यहां पर समूहों में बंदर रहते हैं। जिनके बीच से निकलना खतरे से खाली नहीं रहता है।
- रोहित, पर्यटक ।
तिलियार झील के पास मेरी दुकान हैं। बंदर यहां दुकान में भी घुस जाते हैं और कई बार तो मौका पाकर सामान भी उठा ले जाते हैं। बंदरों की यहां बड़ी समस्या बनी हुई है।
- धर्मबीर, पर्यटक ।
तिलियार झील पर आने पर बच्चों को डर लगता है। यहां बंदर अकसर पर्यटकों के हाथों से फल आदि खाद्य पदार्थ झपट लेते हैं। जिसके कारण पर्यटकों में भय होने लगा है।
- बीरमती, पर्यटक ।
तिलियार झील के पास काफी संख्या में बंदर आ गए हैं। दिनभर बंदरों को यहां से भगाने में लगे रहते हैं। लेकिन बंदर फिर से आ जाते हैं। नजदीक ही नहर होने के कारण यहां बंदर आते हैं।
- जोगेंद्र, कर्मचारी ।
तिलियार पर्यटन केंद्र पर बंदर पकडऩे के लिए नगर निगम को लिखा हुआ है। जल्द ही यहां पर अभियान चलाया जाएगा और बंदरों को पकड़वाया जाएगा। पर्यटकों को सुरक्षित माहौल दिया जा रहा है ताकि यहां और अधिक पर्यटक पहुंचे और यहां की सुंदरता का आनंद लें।
- अशोक चोपड़ा, प्रबंधक, तिलियार पर्यटन केंद्र, रोहतक ।