हरियाणा में मौसम ने बदली करवट, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश
Weather Update पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से मौसम में बदलाव हो रहा है। इससे रात्रि के समय हल्की बारिश हुई। इसी के साथ सुबह के समय से तेज हवाएं चल रही है। हिसार सिरसा फतेहाबाद सहित कई जिलों में बारिश ने फिर से दस्तक दी है।
जागरण संवाददाता, सिरसा। हरियाणा में मौसम ने फिर करवट ली है। हरियाणा के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने फिर दस्तक दी है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से मौसम में बदलाव हो रहा है। इससे रात्रि के समय हल्की बारिश हुई। इसी के साथ सुबह के समय से तेज हवाएं चल रही है। इसी के साथ अभी भी आसमान में सुबह से ही बादल छाये हुए हैं। जिससे बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी के साथ सूर्य भी सुबह आठ बजे दिखाई दिया। इसके बाद फिर से बादलों के कारण दिखाई नहीं दे रहे हैं।
बढ़ा ठंड का असर
तेज हवाएं चलने से ठंड का असर भी ज्यादा रहा। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ से रविवार तक मौसम में बदलाव रहेगा। इससे कहीं कहीं पर बारिश होने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम 15.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. मदनलाल खिचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदल रहा है। इससे अगले 48 घंटे तक बारिश की संभावना है।
बारिश से फसलों को मिला फायदा
हल्की बारिश होने से जहां पर्यावरण प्रदूषण का स्तर घटा है। इसी के साथ बारिश सरसों, गेहूं, चना की फसलों को काफी फायदा मिला है। इससे पौधों की बढ़वार व फुटाव तेजी से होगा। इससे अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। बारिश होने से किसान भी खुश नजर आ रहे हैं। क्योंकि इस समय फसलों में सिंचाई की जरूरत है। नहरों में बाराबंदी होने से 16 दिन नहर बंद होने के बाद एक सप्ताह ही पानी छोड़ा जाता है। जिले में गेहूं की तीन लाख हेक्टेयर क्षेत्र, सरसों की दस हजार हेक्टेयर व चना की दस हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बिजाई की हुई है।