सकारात्मक सोच थी, कड़ी मेहनत से मिली सफलता, अब दूसरों के लिए बनी प्रेरणा
सकारात्मक सोच थी कड़ी मेहनत से मिली सफलता अब दूसरों के लिए बनी प्रेरणा
जागरण संवाददाता, हिसार : गुजरात के बड़ोदरा में आयोजित नेशनल ओपन मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2022 में हिसार के शिव नगर की ममता यादव ने पदक जीता। ममता यादव ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर ट्रिपल जंप में सिल्वर पदक हासिल किया। शिव कालोनी निवासी ममता की इस जीत पर क्षेत्रवासियों ने सम्मान समारोह का आयोजन किया। उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वार्ड-6 पार्षद उमेद खन्ना सहित पूर्व तहसीलदार वजीर सिंह, हरिसिंह, अजमेर ढांडा, सुनील शर्मा, विनोद कुमार, शेर सिंह, नेमीचंद, मनफूल, सुनील, ओमप्रकाश, अजीत सिंह, शकुंतला, सपना, सुमित्रा खन्ना, वार्ड-6 से कमला दर्शना, बीरमति, रामरती मौजूद रही। सभी ने तालियों के साथ ममता की हौसला अफजाई की।
ममता ने बताया कि दो माह की कड़ी मेहनत से ही उन्होंने यह पदक हासिल किया है। मेरे पति की बीमारी के कारण मौत होने के बाद मैंने खेल छोड़ दिया था। अब फिर से खेलना शुरु किया। 42 वर्षीय ममता ने कहा कि दो माह की मेहनत से ही नेशनल चैंपियनशिप के ट्रिपल जंप खेल में भाग लिया और सिल्वर पदक हासिल किया।