छह बजे मार्केट बंद करने के आदेश की उड़ी धज्जियां
नगर निगम के इंजीनियरों की कार्यप्रणाली पर सवाल।
फोटो : 37 से 41 तक
जागरण संवाददाता, हिसार : नगर निगम के इंजीनियरों की कार्यप्रणाली विकास कार्यों में तो सवालों के घेरे में रहती है वहीं बुधवार को कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना करवाने में भी नगर निगम के इंजीनियर बैकफुट पर ही रहे। राजगुरु मार्केट सहित आसपास के बाजारों में एक्सइएन फील्ड में नजर नहीं आए। हालांकि नगर निगम के कर्मचारियों की टीम ने अवश्य शहर में छह बजे के बाद दुकानें बंद करवाई और मास्क नहीं लगाने वालों के चालान किए। इस दौरान निगम कर्मियों की एक व्यापारी के समर्थित युवक से बहस तक हो गई। मामला हाथापाई पर पहुंचने वाला था लेकिन वहां काफी लोगों की मौजूदगी होने के चलते मामला शोर-शराबे व बहस तक सिमट गया।
तीन इंजीनियरों की फील्ड में लगाई ड्यूटी
कोविड-19 में छह बजे मार्केट बंद करवाने के लिए उप निगम आयुक्त ने नगर निगम के तीन इंजीनियरों की ड्यूटी लगाई। साथ ही यह भी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि ड्यूटी तुरंत प्रभाव से लगाई जा रही है। तीनों इंजीनियर को आदेश दिए कि वे सायं छह बजे के बाद बाजार को बंद करवाना सुनिश्चित करेंगे, लेकिन इंजीनियर राजगुरु मार्केट जो शहर की सबसे मुख्य मार्केट है उसमें भी एक्सइएन में आदेश की पालना करवाने के लिए फील्ड में नजर नहीं आए। अन्य मार्केट में क्या स्थिति रही होगी अंदाजा लगाया जा सकता है।
नागोरी गेट से छह बजे मार्केट बंद की कि शुरुआत
नगर निगम की टीम ने बुधवार सायं छह बजे के बाद से नागोरी गेट से बाजार बंद करवाने की शुरुआत की। वहां से दुकानें बंद करवाते हुए राजगुरु मार्केट पहुंचे। जहां एक ज्वैलर्स की दुकान में कई लोग बिना मास्क के बैठे थे। उस दौरान दो-तीन लोगों के बाजार में मास्क नहीं पहनने पर चालान किए। सुरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में करीब पौने सात बजे तक टीम ने मार्केट की अधिकांश दुकानें बंद करवा दी। टीम ने व्यापारियों से सायं छह बजे मार्केट बंद करने के संबंध में भी आग्रह किया।
वर्जन
व्यापारी और आमजन सभी कोविड-19 की गाइडलाइन की सभी पालना करें। सभी मास्क लगाए और शारीरिक दूरी के नियम की पालना करें।
-अशोक कुमार गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम हिसार।