आज ओपन होगा टेंडर, चुनाव अधिकारी अनुमति देंगे तो सड़कों पर दौड़ेंगी सिटी बसें
सिटी बस सर्विस का टेंडर आज होगा ओपन, वर्क ऑर्डर के लिए स्टेट इलेक्शन कमीशन से मांगी अनुमति। हरे और सफेद रंग की चलेंगी 10 सिटी बसें, न्यूनतम पांच रुपये होगा किराया
हिसार, जेएनएन। सिटी बस सेवा शुरू करने की राह आसान हो गई है। सोमवार को नगर निगम कार्यालय में टेंडर खोला जाएगा। इसको लेकर करीब सात बस एजेंसियों की ओर से निगम अधिकारियों से शर्तें व नियमों की जानकारी ली गई थी। अधिकारियों को उम्मीद है कि सोमवार को खुलने वाले टेंडर के लिए कई बस एजेंसियां आवेदन कर चुकी हैं। नगर निगम चुनाव के कारण अधिकारियों को वर्क ऑर्डर जारी करने के लिए राज्य चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी।
अनुमति के लिए उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। सूत्रों के अनुसार अगर चुनाव अधिकारी टेंडर ओपन करने की अनुमति देते हैं तो 10 दिन के अंदर ही बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके तहत शहर में हरे और सफेद रंग की सिटी बसें दौड़ती नजर आएंगी। जिसका किराया दूरी के अनुरूप पांच से दस रुपये लिया जाएगा। निगम के साथ अनुबंध होने के एक माह के अंदर एजेंसी को बसें चलानी होंगी।
ज्ञात हो कि एक नवंबर से ऑटो यूनियनों द्वारा लोकल किराया बढ़ाकर 10 से 15 रुपये कर दिया गया था। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी रोजाना ऑटो से सफर करने वाले लोगों को हो रही है। जहां पहले आने-जाने के 20 रुपये देने पड़ते थे वहीं अब 30 रुपये देने पड़ते हैं। ऐसे में शहर में सिटी बस की मांग ने जोर पकड़ा। प्रशासन पर लोगों का दवाब बना तो इसके टेंडर लगा दिए गए।
ये नियम पैदा करते हैं दिक्कत
- बसें 2018 मॉडल की होनी चाहिए।
- बसें 16 से 22 सीटर हों।
- लो- फ्लोर बसें ही चल सकेंगी।
- एजेंसी के साथ एक साल का अनुबंध होगा।
- अगर एजेंसी की सर्विस अच्छी हुई तो निगम दो साल का अनुबंध आगे बढ़ा सकता है।
- 48 घंटे का नोटिस देकर एग्रीमेंट रद किया जा सकता है।
- बसों में टूट-फूट की जिम्मेदार एजेंसी की होगी। निगम की मेंटेनेंस की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।
- बसों में अग्निशमन यंत्र, जीपीएस सिस्टम, स्पीड गर्वनर और सीसीटीवी कैमरा हो।
- इनके अलावा कुछ अन्य भी है नियम
- बसों को अन्य किसी कार्य के लिए उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
यह रहेगी समय सारिणी
गर्मियों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक और सर्दियों में सर्दियों में सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक चलेंगी बसें
इन रूटों पर चलेंगी बसें
1. बस स्टैंड से आजाद नगर
2. बस स्टैंड से एकता कालोनी कैमरी रोड
3. बस स्टैंड से आधार अस्पताल
4. बस स्टैंड से हिसार कैंट
5. बस स्टैंड से रायपुर स्टेशन वाया बरवाला चुंगी
डीसी बाले वर्क आर्डर जल्द जारी करने का होगा प्रयास
उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि सिटी बसों को लेकर वर्क ऑर्डर जारी करने के लिए राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखा गया है। चुनाव आयोग से अनुमति मिलती है तो वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। अन्यथा चुनाव के बाद जारी होगा। हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि बसों के वर्क ऑर्डर जल्द से जल्द जारी हों। निगम आयुक्त अशोक कुमार बंसल ने कहा कि सिटी बसों का टेंडर निगम चुनाव को लेकर लगी आचार संहिता से पहले लगाया गया था। टेंडर ओपन करने में कोई परेशानी नहीं है।