फतेहाबाद में सस्ता घरेलू सामान दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, ऑफिस बंद कर ट्रस्ट के लोग फरार, मामला दर्ज
गांव धोलू की महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। भूना में श्री बाला जी जन सेवा ट्रस्ट के नाम से संस्था बना रखी थी। गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी करवाने व घरेलू सामान देने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे।
हिसार/फतेहाबाद, जेएनएन। श्री बाला जी जन सेवा ट्रस्ट के नाम पर गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी करवाने व घरेलू समान दिए जाने के नाम पर किए गए फर्जीवाड़े में आखिरकार भूना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में धौलू निवासी महिला उषा की शिकायत पर श्री बाला जी जन सेवा ट्रस्ट के डूल्ट निवासी राजेंद्र, विक्रम, मोहन लाल, उषा रानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। संस्था पर 9 लाख 95 हजार 500 रुपये की ठगी करने का आरोप है।
आरोपितों ने भूूना में श्री बाला जी जन सेवा ट्रस्ट के नाम से ऑफिस खोल रखा था। सात दिन पहले ट्रस्ट ने कार्यालय बंद कर दिया। इसके बाद रविवार को ट्रस्ट के लोगों के भाग जाने पर पीड़ितों ने कार्यालय के बाहर रोष जताया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि श्री बाला जी जन सेवा ट्रस्ट ने हिसार रोड भूना पर मास्टर मार्केट में कार्यालय बनाया हुआ था। ट्रस्ट की संचालिका उषा रानी, ढाणी डूल्ट के राजेंद्र सोनी, मोहनलाल व विक्रम आदि ने गरीब लोगों को कम कीमत पर घरेलू सामान देने के लिए फॉर्म भरवाए गए थे। उन्हें बताया गया था कि ट्रस्ट का उद्देश्य गरीब लोगों की सेवा करना है। इसलिए कम कीमत पर सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। इसमें सरकार की तरफ से भी विशेष अनुदान मिलेगा। जरूरतमंद गरीब परिवार को घरेलू एवं इलेक्ट्रिकल समान आईडी राशि के अनुसार दिया जाएगा।
कई गरीब परिवारों को सामान देकर जीता विश्वास
ट्रस्ट के लोगों ने शुरुआती दौर में कई गरीब परिवारों को हाथों-हाथ घरेलूूूू सामान व लड़कियों की शादी में दिया जाने वाला सामान भी दिया था। इसके चलते लोगों का श्री बाला जी जन सेवा ट्रस्ट के प्रति विश्वास बढ़ गया था। ट्रस्ट ने मात्र दो महीनों में तीन हजार से भी अधिक परिवारों के फॉर्म भरवाकर राशि वसूल ली थी। जिन लोगों ने घर-घर जाकर आईडी के रूप में राशि वसूल करके जमा करवाई थी, उनके सामने बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है। आईडी फार्म जमा करवाने वाले लोग उनसे पैसे वापस मांग रहे हैं। लोगों ने रविवार को शिकायत दी थी। इसी के पुलिस ने महिला सहित चार लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है।