औलाद न होने पर मारते थे ताने, सिरसा में डिग्गी में कूदकर महिला ने दे दी जान
भाई ने बताया बहन की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी। लेकिन कोई बच्चा नहीं हुआ था। ससुराल पक्ष उससे झगड़ा और मारपीट करता था। जिसके कारण उसकी बहन ने तंग आकर जलघर की डिग्गी में कूद जान दी
डबवाली, जेएनएन। भले ही देश और प्रदेश में शिक्षा दर बढ़ी है, मगर आज भी लोग दकियानुसी सोच को बदल नहीं पा रहे हैं और इसका खामियाजा बहुत से लोगों को भुगतना पड़ता है। समाज और अपनों के तानों से तंग आकर एक महिला ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि आत्महत्या किसी भी समस्या का आखिरी समाधान नहीं है, मगर उनका क्या जो किसी को मौत की दहलीज तक लेकर आ जाते हैं। गांव गोदिकां में एक महिला जलघर की डिग्गी में कूद गई। पानी में डूबने से महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रेणू (32) के रुप में हुई है। गोरीवाला पुलिस ने मृतका के भाई सोहन लाल निवासी सयंदवाला थाना सदर अबोहर जिला फाजिल्का की शिकायत पर रेणू के पति चुन्नी लाल, सास सरबती देवी, ससुर मोरू राम तथा जेठ सीलू राम के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करवाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी बहन की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी। लेकिन कोई बच्चा नहीं हुआ था। ससुराल पक्ष उससे झगड़ा और मारपीट करता था। जिसके कारण उसकी बहन ने तंग आकर जलघर की डिग्गी में कूदकर जान दे दी। महिला को डिग्गी से निकालने के बाद परिजन उसे गोरीवाला अस्पताल में ले गए थे। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित किया तो परिजन वापस गांव ले आए और नमक में दबा दिया। करीब 20 मिनट के बाद एक महिला ने शोर मचा उसके जीवित होने की जानकारी दी लेकिन ऐसी कोई बात नहीं थी।
महिला के भाई की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डबवाली नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके वारिसों को सौंप दिया गया।
रामचंद्र, प्रभारी, पुलिस चौकी गोरीवाला
बाइक सवार वृद्ध दंपती को कुचला, मौत
डबवाली: गांव चौटाला में संगरिया बाईपास पर ट्राला सामने से आ रहे बाइक सवार वृद्ध दंपती को शनिवार को कुचलकर डबवाली की ओर फरार हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। मृतकों की पहचान गांव फतूहीवाला थाना लंबी (जिला श्री मुक्तसर साहिब) निवासी तेज, उसकी पत्नी नसीब कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने चचेरे भाई रणधीर निवासी गांव फतूहीवाला की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शवों को उसके वारिसों को सौंप दिया गया।
बताया कि तेज (64) की मां बीमार है। उसका पता लेने के लिए वह अपनी पत्नी नसीब कौर (60) के साथ पीलीबंगा के नजदीक स्थित ढाणी अमरपुरा जा रहा था। चौटाला गांव के नजदीक संगरिया बाइपास पर सामने से आ रहे तेजगति ट्राला ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्राला दोनों को कुचलता हुआ डबवाली की ओर फरार हो गया। मृतक दंपती के चार बेटियां तथा इकलौता बेटा है। उनका बेटा खुशप्रीत करीब डेढ़ वर्ष पूर्व स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गया हुआ है। इन दिनों बेटियां घर आई हुई थीं। इस वजह से दोनों बाइक पर मां का पता लेने जा रहे थे।