दुष्यंत के सत्ता में भागीदारी पर समर्थक ने 15 साल बाद कटवाए केश
चौ. देवीलाल के समर्थक कैलाश पालड़ी ने चौटाला परिवार के सत्ता में नहीं आने तक प्रण को लेकर पंद्रह साल तक बाल व दाढ़ी नहीं कटवाए। माता पिता के देहांत पर भी बाल नहीं कटवाए।
बाढड़ा, जेएनएन। देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल की नीतियों से प्रभावित कार्यकर्ताओं का उत्साह और जुनून देखते ही बनता है। बाढड़ा उपमंडल क्षेत्र में एक ऐसा कार्यकर्ता इन दिनों सुर्खियों में है जिसने प्रण लिया था कि जब तक चौ. देवीलाल की नीतियों पर चलने व उनके सपनों को साकार करने वाली सरकार प्रदेश में सत्तासीन नहीं होगी तब तक वह अपने सिर के केश व दाढ़ी नहीं कटवाएंगे।
यहां हम बात कर रहे हैं चौ. देवीलाल के समर्थक कैलाश पालड़ी की। जिसने इस प्रण को लेकर उसने पंद्रह साल तक बाल व दाढ़ी नहीं कटवाए। यहां तक कि जब उनके माता-पिता का देहांत हुआ तब भी बाल नहीं कटवाए। अब जब दुष्यंत चौटाला प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बने है, आज उसने यज्ञ आयोजन किया और अपने केश कटवाए। बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 43 वर्षों से देवीलाल परिवार के प्रति समर्पित जेजेपी के प्रदेश महासचिव व चौधरी देवीलाल के अनुयायी पूर्व सरपंच कैलाश पालड़ी ने बृहस्पतिवार को यज्ञ का आयोजन कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दाढ़ी व केश कटवाए।
अपने माता-पिता को याद कर वे भावुक हो गए और कहा कि अब वे अपने इन केशों को हरिद्वार जाकर गंगा जी में प्रवाहित कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि देंगे। कैलाश पालड़ी ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में चौधरी देवीलाल के पड़पौत्र चौधरी दुष्यंत चौटाला को हरियाणा का उप मुख्यमंत्री बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। अब चौधरी देवीलाल के सपने व नीतियां चौधरी दुष्यंत के नेतृत्व में साकार होंगे।