बूंदाबांदी के बाद थोड़ी देर दिखे सूर्यदेव, सायं हवाओं ने बढ़ाई ठंड
पिछले कुछ दिनों से तेज धूप ने सर्दी को काफी कम कर दिया था अब
जागरण संवाददाता, हिसार : पिछले कुछ दिनों से तेज धूप ने सर्दी को काफी कम कर दिया था, अब एक बार फिर से जनवरी जाते-जाते लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण सुबह बारिश और बादलों ने धूप को नहीं निकलने दिया। हल्की बूंदाबांदी सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होकर दोपहर एक बजे तक चलती रही। इसके बाद कुछ धूप निकली मगर बादलों के कारण फिर मौसम सर्द हो गया। शाम को चली हवाओं और बाद में बारिश ने एक बार फिर से रात्रि के समय ठंड बढ़ा दी है। हिसार में दिन का तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। रात्रि का तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। हिसार में 0.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। दो-तीन दिन तक प्रदेश में ऐसा रहेगा मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 29 जनवरी तक बादलवाई व कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी संभावित है। 30 जनवरी से अल सुबह व देर रात्रि को धुंध आने की संभावना है। प्रदेश में यह रहा तापमान
जिला- अधिकतम तापमान- न्यूनतम तापमान
हिसार- 17.5- 7.2
अंबाला- 15.1- 5.8
भिवानी- 18.8- 7.7
चंडीगढ़- 17.4- 7.5
फरीदाबाद- 23.0- 8.5
गुरुग्राम- 23.0- 8.5
करनाल- 13.6- 6.6
कुरुक्षेत्र- 13.6- 6.5
नारनौल- 23.0- 8.5
रोहतक- 19.1- 8.2
सिरसा- 16.9- 9.2
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।