सुभाष बराला बाेले- दिल्ली विधानसभा चुनाव का हरियाणा की राजनीति पर नहीं पड़ेगा असर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे का हरियाणा की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
हिसार, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे का हरियाणा की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जहां तक वहां भाजपा की हार के बाद कदम उठाने का सवाल है, वह वहां की कमेटी देखेगी। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला किया। बराला ने कहा कि कांग्रेस की हार के बाद उसके नेता बेरोजगार हो गए हैं। उनको चाहिए कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वह कोई रोजगार ढूंढ लें।
वह यहां सेक्टर 14 स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के चुनाव में बेशक हार मिली है लेकिन भाजपा का वोट बैंक छह फीसद तक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मनोहरलाल सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व उनकी उपलब्धियों का आंकलन हताशा की स्थिति में सही-सही नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस नेता नहीं चाहते कि यह नीतियां आम जनता तक पहुंचे।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के पार्टी बनाने के सवाल पर बराला ने कहा कि तंवर ने कांग्रेस में काफी साल काम किया। किस प्रकार उनको कांग्रेस से निकाला गया, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में विधानसभा में प्रदेश का बजट प्रस्तुत होगा और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल की इच्छा है कि बजट आम जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप हो। इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेश के सभी जिलों व विधानसभा सत्र पर समाज के सभी वर्गों की राय ली जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने पर सरकार की अनेक उपलब्धियां रही हैं। बराला ने कहा कि सभी विधायकों को 5-5 करोड़ रुपये अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए दिए गए हैं। परिवार समृद्ध योजना के तहत हर पात्र परिवार, जिसकी वार्षिक आय 1.80 लाख हो तथा नकद मिलाकर 6000 हजार रुपये आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है।
इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक डा. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, मेयर गौतम सरदाना, चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, पूर्व विधायक वेद नारंग, प्रदेश सचिव कर्ण सिंह रानोलिया, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, आशा खेदड़, जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला, जिला कोषाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू, लोकसभा निगरानी समिति के चेयरमैन मनदीप मलिक आदि मौजूद थे।