दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय, हिसार सहित पूरे हरियाणा में 15 तक झमाझम बारिश
हिसार सहित पूरे हरियाणा में 15 अगस्त तक तेज बारिश का अनुमान है। दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय होने के चलते बारिश की संभावना जताई जा रही है।
हिसार, जेएनएन। दक्षिण पश्चिम मानसून सक्रिय होने के कारण प्रदेश में पिछले तीन से चार दिनों में कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश के कारण लोगों काे कुछ हद तक गर्मी से निजात मिली है। बारिश होने का मुख्य कारण अरब सागर की तरफ से आने वाली नमीयुक्त हवाओं से है। जो राजस्थान के रास्ते हरियाणा में प्रवेश कर रही हैं। जिससे प्रदेश के कुछ स्थानों में बारिश हो रही है।
अभी तक एनसीआर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार सायं तक पंचकूला, पानीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, मेवात आदि जिलों में बारिश होने के पूरे आसार बने हुए हैं। तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज बारिश आने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
गर्मी से राहत देगी बारिश
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 15 अगस्त तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना बनी हुई है। वहीं बीच-बीच में कहीं-कहीं बारिश लोगों को गर्मी से राहत देने का काम करेगी।
मानसून की सक्रियता बढ़ने का यह था कारण
अनुकूल परिस्थितियों बनने की संभावना के कारण मानसून टर्फ हिमालय की तलहटियों से नीचे की तरफ मैदानी क्षेत्रों की तरफ स्थानांतरित हुई। जिससे हरियाणा राज्य में मॉनसून फिर से मानसून सक्रिय हुआ। मानसून हवाओं की सक्रियता पिछले चार से पांच दिन पहले उत्तरी हरियाणा के जिलों में शुरु हुई।
बदल रहा मौसम
हिसार में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज रंग बदल रहा है। कभी बारिश हो रही तो कभी धूप की वजह से गर्मी हो जाती है। बुधवार को भी मौसम पल पल बदला। दोपहर को बारिश हुई इसके बाद धूप निकल आई। ऐसा ही मौसम मंगलवार को भी रहा। शाम को तेज बारिश के बाद उमस हो गई। गुरुवार को भी बारिश जैसे हालात बने हैं।