हेरोइन तस्करी में बेटे जेल में गए तो 60 वर्षीय महिला ने बेचना शुरू किया नशा
हेरोइन तस्करी में महिलाएं भी पीछे नहीं है। 10 दिनों में तीन महिलाएं पकड़ी जा चुकी हैं। इससे पहले गांव नकटा में जांच के दौरान एक महिला तीन ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ी गई थी।
फतेहाबाद, जेएनएन। नशा तस्करी के अपराध में जहां युवा फंसे हुए हैं वहीं महिलाएं भी सामने आ रही हैं जो अपने बेटों को इस काम में बढ़ावा दे रही हैं। कोई महिला सप्लाई लाने के लिए बेटों को रुपये दे रही है तो कोई खुद तस्करी कर रही है। यहां तक कई महिलाएं ऐसी भी हैं जो बेटों के जेल चले जाने के बाद खुद तस्करी करने के लग गई है। ऐसा ही मामला शहर के गुरुनानक पुरा में सामने आया है। महिला ने बेटों के जेल चले जाने के बाद खुद हेरोइन तस्करी का काम शुरू कर दिया।
शहर पुलिस ने गुरुनानकपुरा मुहल्ला से एक महिला को तीन ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। आरोपित महिला राणो के खिलाफ शहर थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित महिला को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां से जमानत मिल गई। इससे पहले पूछताछ में आरोपित महिला राणो ने बताया कि उसके दोनों बेटे हेरोइन तस्करी मामले में करीब एक महीने से जेल में है।
एक बेटा करीब 20 दिन पहले तथा दूसरा बेटा करीब डेढ़ महीना पहले हेरोइन तस्करी के आरोप में जेल में बंद है। इससे पहले भी महिला नशीली गोलियां सप्लाई करने के आरोप में भी पकड़ी जा चुकी है। शनिवार देर शाम को उसने अज्ञात व्यक्ति से हेरोइन ली थी और आगे सप्लाई देनी थी।
यह है मामला गुरुनानकपुरा चौकी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुनानकपुरा मुहल्ला में छापा मारकर आरोपित महिला राणो को काबू किया था। इसके पास से जांच के दौरान पुलिस ने तीन ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पूछताछ में महिला ने ये ही बताया कि उसे अज्ञात व्यक्ति हेरोइन देकर गया था और आगे सप्लाई करनी थी।
10 दिन में पकड़ी गई तीन महिलाएं
हेरोइन तस्करी में महिलाएं भी पीछे नहीं है। 10 दिनों में तीन महिलाएं पकड़ी जा चुकी हैं। इससे पहले गांव नकटा में जांच के दौरान एक महिला तीन ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ी गई थी। इसके बाद भाटिया कॉलोनी से महिला को हेरोइन सप्लाई करने के आरोप में पकड़ा जा चुका है।
--महिला को गुरुनानक पुरा चौकी पुलिस ने तीन ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया। आरोपित महिला के दो बेटे नशा तस्करी में पहले से जेल में बंद है। पूछताछ में बताया कि उसे कोई अज्ञात व्यक्ति देकर गया था और आगे सप्लाई देनी थी। महिला को कोर्ट में पेश किया गया, यहां से जमानत मिल गई।
- एएसआइ शकुंतला, जांच अधिकारी, फतेहाबाद
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप