प्रेम प्रसंग विवाद में खून का प्यासे बने युवक, घर में घुसकर पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या
पूर्व सरपंच के घर में घुसकर उसके बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस दौरान पूर्व सरपंच के भतीजे को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
सांपला (रोहतक) जेएनएन। कब प्रेम प्यार के चक्कर में कोई क्या गुनाह कर बैठे कह पाना मुश्किल है। ऐसा ही मामला सामने आया है। राेहतक में सांपला क्षेत्र के मुंगाण गांव में पूर्व सरपंच के घर में घुसकर उसके बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस दौरान पूर्व सरपंच के भतीजे को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जबकि पूर्व सरपंच सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मुंगाण गांव के पूर्व सरपंच धर्मवीर करीब साढ़े आठ बजे पत्नी शीला, बेटे नितिश (19), बेटी नेहा और राखी के साथ घर में बैठे थे। भतीजा सिकंदर भी उनके पास आया हुआ था। इसी दौरान गांव का ही बिट्टू अपने भतीजे विकास के साथ वहां पर आया। आरोपित हाथों में चाकू और अन्य धारदार हथियार लिए हुए थे। उन्होंने आते ही सिकंदर पर हमला कर दिया। नितिश ने सिकंदर को बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपितों ने नितिश पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे नितिश लहुलूहान होकर वही गिर गया, जबकि सिकंदर भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार के बाकी लोगों ने किसी तरह आरोपितों से खुद को बचाया। इसके बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। बाद में परिजनों ने घायलों को पीजीआइ में भर्ती कराया, जहां पर डाक्टरों ने नितिश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार वारदात के पीछे की वजह लड़की बताई जा रही है। आरोपितों को शक था कि सिकंदर ने उनके पक्ष की लड़की को कुछ कहा है। फिलहाल पुलिस ने पूर्व सरपंच धर्मवीर की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
---वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है। फिलहाल गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के बाद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
- नरेंद्र कादियान, डीएसपी सांपला