सरकारी स्कूल के विद्यार्थी स्टील के बर्तन में खांए खाना, इस मकसद से आदमपुर में भेजे 1700 टिफिन
राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी अब घर से प्लास्टिक की बजाए स्टील के लंच बाक्स में भोजन लेकर स्कूल पढऩे जाएंगे। इसी सोच के साथ नई पहल करते हुए समाजसेवी विजय ग्रोवर ने आदमपुर मंडी व जवाहर नगर के सभी सरकारी स्कूलों में लंच बाक्स बांटने का अभियान शुरू किया है।
मंडी आदमपुर [अमित गोयल] आदमपुर मंडी व जवाहर नगर के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी अब घर से प्लास्टिक की बजाए स्टील के लंच बाक्स में भोजन लेकर स्कूल पढऩे जाएंगे। इसी सोच के साथ नई पहल करते हुए समाजसेवी विजय ग्रोवर ने आदमपुर मंडी व जवाहर नगर के सभी सरकारी स्कूलों में लंच बाक्स बांटने का अभियान शुरू किया है। आदमपुर मंडी की राजकीय प्राथमिक पाठशाला व हाई स्कूल में छठी से आठवीं कक्षा के करीब 650 विद्यार्थियों को लंच बाक्स बांटे गए। स्कूलों में लंच बाक्स बांटने की जिम्मेदारी आदमपुर मंडी के सरपंच सुभाष अग्रवाल को दी गई है।
विद्यार्थियों को लंच बाक्स बांटने पहुंचे सरपंच सुभाष अग्रवाल ने बताया कि हिसार से समाजसेवी विजय ग्रोवर मूल रूप से आदमपुर के निवासी रहे है। ग्रोवर ने बच्चों के लिए 1700 स्टील के टिफिन भेजे है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्लास्टिक की बजाए स्टील के बर्तन के खाना खाने की बात कही है। सरपंच ने कहा कि प्लास्टिक ऐसा पदार्थ है, जिससे अनेक बीमारियां फैलती हैं और प्लास्टिक कभी गलती नहीं है और न ही नष्ट होती है।
जिस कारण लगातार बीमारियां फैलने का अंदेशा बना रहता है प्लास्टिक से कैंसर जैसे घातक रोग होने की संभावना रहती है। इसलिए हमें प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करना चाहिए, ताकि हम अपने आप को और पर्यावरण को स्वस्थ रख सकें। पर्यावरण को स्वस्थ रखने के लिए प्लास्टिक पर रोक लगानी जरूरी है। इस मौके पर प्राचार्या अंजू बाला, मुख्याध्यापक धर्मबीर, रामफल, प्रदीप, जयप्रकाश, जितेंद्र, सुमन, इंदूबाला आदि मौजूद रहे।