'हरियाणा ही नहीं पूरे देश में खत्म होना चाहिए गन कल्चर', हांसी में बोले सिंगर मासूम शर्मा
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने हांसी में गन कल्चर को केवल हरियाणा का नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा बताया और इसे समाप्त करने की वकालत की।

हांसी पहुंचे मासूम शर्मा बोले-हरियाणा ही नहीं पूरे देश में खत्म होना चाहिए गन कल्चर।
HighLights
मासूम शर्मा ने गन कल्चर को देशव्यापी मुद्दा बताया
हरियाणवी सिनेमा और संस्कृति को समर्थन देने की अपील की
कलाकारों को क्षेत्रीय भाषा बचाने में महत्वपूर्ण बताया
जागरण संवाददाता, हांसी। हरियाणवी गायक एवं कलाकार मासूम शर्मा रविवार को हांसी पहुंचे। उन्होंने कहा कि गन कल्चर केवल हरियाणा का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश में इसे समाप्त होना चाहिए।
हरियाणवी संगीत, फिल्मों और क्षेत्रीय संस्कृति पर बातचीत करते हुए उन्होंने दर्शकों से हरियाणवी सिनेमा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कलाकार अपनी मां बोली और संस्कृति को बचाने तथा आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मासूम शर्मा पंडित अन्नू शर्मा के घर पहुंचे और उनकी पत्नी मीनाक्षी भारद्वाज का हालचाल जाना। मीनाक्षी छत से गिरने के कारण घायल हो गई थीं। इस दौरान मासूम शर्मा ने कहा कि हांसी उनका अपना घर है और यहां उनका परिवार रहता है।
हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनने वाली सभी फिल्मों को दर्शकों का सहयोग मिलना चाहिए। वह स्वयं भी हरियाणवी फिल्मों को समर्थन दे रहे हैं। उनकी अपनी फिल्म पर भी काम चल रहा है। फिलहाल उनके गाने दर्शकों के बीच चल रहे हैं।
हरियाणवी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के सवाल पर मासूम शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने पेशे के माध्यम से समाज में योगदान देता है। लेखक कलम, गायक आवाज और चित्रकार अपनी कला के माध्यम से संस्कृति को आगे बढ़ाता है।
पत्रकार भी मीडिया के माध्यम से समाज तक बात पहुंचाते हैं। क्षेत्रीय भाषा को जीवित रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
