हिसार में कर जमा करवाने में महत्वपूर्ण योगदान : कोलि
जागरण संवाददाता, हिसार : आयकर विभाग के पास कर जमा करवाने में हिसार का महत्वपूर्ण योगद
जागरण संवाददाता, हिसार : आयकर विभाग के पास कर जमा करवाने में हिसार का महत्वपूर्ण योगदान है। तेजी से यहां के लोग कर जमा करवाकर देश की तरक्की में अहम योगदान दे रहे हैं। यहां का कर आंकड़ा काफी ज्यादा बढ़ा है और उम्मीद है कि आगे भी यह बढ़ेगा। यह बात आयकर विभाग के प्रधान आयकर आयुक्त निरंजन कोलि ने तोशाम रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में कहीं। इस दौरान आयकर विभाग द्वारा आयकर दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा व हिमाचल प्रदेश में निकाली जा रही आयकर ज्योति रिले बुधवार शाम हिसार पहुंची और उसका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अभिनय रंगमंच के युवाओं ने नाटक भी प्रस्तुति किया। इस दौरान संयुक्त आयकर आयुक्त हेमंत गुप्ता व उप आयुक्त राजेश कुमार भी मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा के रणजी खिलाड़ी विरेंद्र दहिया भी मौजूद रहे। रिले इसके बाद रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल होते हुए 24 जुलाई को चंडीगढ़ जाएगी।
हिसार चार्ज के प्रधान आयकर आयुक्त निरंजन कोलि ने बताया कि आयकर अधिनियम देश में पहली बार 24 जुलाई 1860 को प्रभावी हुआ। उन्होंने विभाग की स्थापना से लेकर अब तक के सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अविभाजित भारत में कुल 4 लाख 57 हजार 494 करदाता थे तथा 31 मार्च 2018 को अंत हुए वित्तीय वर्ष को भारत में कुल 6.84 करोड़ निर्धारित हो गए। वर्ष 1947-48 का कर संग्रहण लगभग 55 करोड़ था तथा 31 मार्च तक यह कर संग्रहण बढ़कर 10 लाख करोड़ के लगभग हो गया है तथा प्राप्त आयकर राष्ट्र निर्माण के कार्यों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं हेतु खर्च किया जाता है। करदाताओं द्वारा सही समय पर सही कर दिया जाना देश भक्ति के समान है।
हिसार चार्ज के बारे में बताते हुए निरंजन कोलि ने कहा कि 31 मार्च तक करदाताओं की संख्या 3 लाख 46 हजार है जोकि पिछले वर्ष से 95 हजार ज्यादा हैं। कर संग्रहण भी 343 करोड़ हुआ है जोकि पिछले वर्ष के कर 71 करोड़ की तुलना में लगभग 400 फीसद बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 30 जून तक 48.05 करोड़ अग्रिम कर की प्राप्ति हुई है। उन्होंने कहा कि कर का विस्तार हेतु विभाग पूरे चार्ज स्तर पर सभी स्थानों पर करदाताओं के बीच जाकर विभाग की नीतियों से अवगत कराएंगे तथा उन्हें सही कर देने के लिए तथा समय पर आयकर रिटर्न दाखिल करने हेतु प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर डा. अमित मेहता, रामनिवास अग्रवाल सीए, कुलदीप खेड़ा सीए, पवन गर्ग, संजय गोयल, संजय गर्ग, सोनू जैन रतिया, मनोज बंसल आदि मौजूद थे।